युवक ने उठाया खौफनाक कदम, पुलिस ने 'देवदूत' बनकर बचाई जान
उधम सिंह नगर में पुलिस एक युवक के लिए देवदूत बनकर सामने आई. युवक की जान बचाने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 6, 2026 at 8:59 AM IST
रुद्रपुर: उधमसिंहनगर में खाकी उस वक्त देवदूत बन गई, जब मौत से जूझ रहे एक युवक को समय रहते नया जीवन मिल गया. सुल्तानपुरपट्टी के टांडा बंजारा इलाके में घरेलू तनाव की वजह से युवक ने खौफनाक कदम उठा लिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर युवक को सीपीआर दिया और अस्पताल पहुंचाया. पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच सकी. पुलिस ने मौके पर ही युवक की काउंसलिंग की.जिसके बाद युवक को परिजनों के सुपुर्द किया गया. युवक के परिजनों ने पुलिस का आभार जताया.
तनाव में युवक ने उठाया खौफनाक कदम: गौर हो कि उधम सिंह नगर के सुल्तानपुर पट्टी के टांडा बंजारा इलाके में एक युवक ने किराए के कमरे में अपनी जीवन लीला समाप्त करने के लिए विषाक्त पदार्थ का सेवन कर कमरे में बंद हो गया और सुबह से कमरे से बाहर नहीं निकला तो मकान मालकिन को कुछ अनहोनी की आशंका हुई. कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद भीतर से कोई जवाब नहीं मिला. जिसके बाद उन्होंने अनहोनी की आशंका की सूचना सुल्तानपुर पट्टी चौकी पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दरवाजा तोड़ा गया. भीतर जो दृश्य था, वह किसी को भी झकझोर देने वाला था. युवक बिस्तर पर बेसुध पड़ा था, उसकी नब्ज बेहद धीमी हो चुकी थी.
पुलिस की सक्रियता से बची युवक की जान: यही वह क्षण था जहां पुलिस की ट्रेनिंग के साथ-साथ इंसानियत काम आई. चौकी प्रभारी ने बिना देरी किए सीपीआर देना शुरू किया और युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां पर पुलिस और डॉक्टर की मेहनत रंग लाई. युवक मौत से एक कदम की दूरी से वापस लौट आया. होश में आने पर युव ने पुलिस को अपनी आपबीती बताई. उसने पुलिस को बताया कि घरेलू कलह, मानसिक तनाव के कारण वह टूट चुका था. जिस कारण उसने ये खौफनाक कदम उठाया. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही युवक की काउंसलिंग की. स्थिति सामान्य होने पर युवक को उसके परिचितों और मकान मालकिन के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया. युवक ने जान बचाने के लिए पुलिस का आभार भी जताया.
आत्महत्या समाधान नहीं है: अगर किसी के भी मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं, किसी मित्र के बारे में चिंतित हैं या इमोशनल सपोर्ट की जरूरत है, तो आपकी बात सुनने के लिए स्नेहा फाउंडेशन को कॉल इस नंबर 04424640050 (उपलब्ध 24x7) करें. यहां हमेशा कोई न कोई मौजूद रहता है. इसके अलावा आप टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज की हेल्पलाइन - 9152987821 (सोमवार से शनिवार सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध) भी कॉल कर सकते हैं.
पढ़ें-

