ETV Bharat / state

पुलिस सैलरी पैकेज, शहीद आरक्षक की पत्नी को 1.10 करोड़ रुपये

बीजापुर के एसपी ने शहीद आरक्षक दिनेश नाग के परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया कराई है.

POLICE SALARY PACKAGE
बीजापुर पुलिस की नेक पहल (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : December 29, 2025 at 7:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बीजापुर: बीजापुर जिले में शहीद आरक्षक दिनेश नाग की पत्नी को आर्थिक सहायता दी गई. डीआरजी बीजापुर में पदस्थ आरक्षक दिनेश नाग 8 अगस्त 2025 को माओवादी विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में शहीद हो गए थे.

शहीद आरक्षक की पत्नी को मदद

पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत उनके परिवार को आर्थिक सहायता दी गई है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बीजापुर शाखा ने शहीद जवान की धर्मपत्नी पूजा नाग के नाम जारी एक करोड़ दस लाख रुपये (₹1.10 करोड़) का चेक दिया.यह चेक पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने दिया. उन्होंने शहीद दिनेश नाग के बलिदान को नमन किया.

दिनेश नाग न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं. शहीद जवानों का त्याग कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनके परिवारों के साथ खड़े रहना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है- जितेंद्र कुमार यादव, एसपी, बीजापुर

भावुक हुईं शहीद की पत्नी

शहीद आरक्षक दिनेश नाग की पत्नी पूजा नाग भावुक नजर आईं. उन्होंने शासन, पुलिस प्रशासन और बैंक प्रबंधन का आभार जताया.उन्होंने विश्वास जताया कि शासन और प्रशासन आगे भी उनके परिवार का मार्गदर्शन और सहयोग करता रहेगा.

यह सहायता राशि परिवार के लिए बड़ा संबल है. पति ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए, जिस पर गर्व है-पूजा नाग, शहीद दिनेश नाग की पत्नी

बीजापुर एसपी ने दिया भरोसा

बीजापुर एसपी डॉ. यादव ने शहीद ने शहीद के परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि जिला पुलिस प्रशासन शहीद परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है और आगे भी शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अमन कुमार झा ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात पुलिस जवान कठिन और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं. शहीद जवानों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी होता है. आरक्षक दिनेश नाग ने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए जिस साहस और समर्पण का परिचय दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना ने भी शहीद के परिजनों के प्रति संवेदना जताई. उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपने शहीदों को कभी नहीं भूलता. आर्थिक सहायता के साथ-साथ शहीद परिवारों को सामाजिक और भावनात्मक सहयोग भी दिया जाता है, ताकि वे खुद को अकेला महसूस न करें.

पुलिस सैलरी पैकेज योजना का उद्देश्य

इस योजना का उद्देश्य है कि शहीदों के परिजनों को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता मिल सके, ताकि वे भविष्य को लेकर चिंतित न रहें.

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बीजापुर के शाखा प्रबंधक अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत शहीद जवान के परिजनों को निर्धारित राशि दी जाती है. इस योजना को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाता है, ताकि शहीद परिवारों को समय पर सहायता मिल सके.

पुलिस सैलरी पैकेज योजना के माध्यम से शहीद जवानों के परिवारों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता, शासन की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दर्शाती है. यह योजना न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करती है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि देश और समाज अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के साथ सदैव खड़ा है.

छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस जितेंद्र शुक्ला को केंद्र की बड़ी जिम्मेदारी, एनएसजी में बनाए गए ग्रुप कमांडर

गणतंत्र दिवस के लिए छत्तीसगढ़ की झांकी का चयन, डिजिटल आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय की दिखेगी झलक