ETV Bharat / state

डीएनटी समाज के आंदोलन में पथराव, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, 15 लोग शांतिभंग में गिरफ्तार

जयपुर के विद्याधर नगर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा, दो गाड़ियों को नुकसान, चार पुलिसकर्मी भी चोटिल.

आंदोलन के दौरान लोगों ने पत्थर फेंके
आंदोलन के दौरान लोगों ने पत्थर फेंके (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 2, 2026 at 2:28 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : दस फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर विमुक्त, घुमंतू और अर्द्धघुमन्तु समाज (डीएनटी) के महापड़ाव के बीच पथराव के मामले में अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने राजकार्य में बाधा पहुंचाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पथराव की घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में किया था. इनमें से 15 लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है. मुकदमे की कार्रवाई अलग से होगी. जयपुर (उत्तर) एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया, डीएनटी समुदाय के लोगों ने बुधवार को विद्याधर नगर स्थित जेडीए ग्राउंड में आंदोलन किया था. आंदोलन के बाद पत्थरबाजी की गई. इस दौरान गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई. इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हुए.

राजकार्य में बाधा, संपत्ति के नुकसान का केस : उन्होंने बताया, इस संबंध में जयपुर के विद्याधर नगर थाने में राजकार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मारपीट जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. जिसमें अनुसंधान जारी है. वे बोले, इस घटना के बाद कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में किया था. उनमें से 15 लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. मुकदमे की जांच जारी है.

जयपुर (उत्तर) एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत (वीडियो ईटीवी भारत जयपुर)

इसे भी पढ़ें: Watch: डीएनटी समुदाय के महापड़ाव ने लिया उग्र रूप, पुलिस पर पथराव, लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े

वीडियो के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान : उन्होंने बताया, प्रारंभिक तौर पथराव की घटना में दो सरकारी गाड़ियों को नुकसान हुआ है. इस घटना में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. आगे जांच जारी है. जांच में जो भी जानकारी आएगी. उसे भी मुकदमे में शामिल किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस घटना के कई वीडियो भी पुलिस के पास हैं. इसके अलावा आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. वहां मौजूद लोगों के बयान लिए जा रहे हैं. मुकदमे में अनुसंधान जारी है.

लाठी भांजी, आंसू गैस के गोले छोड़कर किया काबू : जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे. उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी. डीएनटी समुदाय के लोग बुधवार को जयपुर में जुटे थे. उन्होंने दस फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन किया. इससे पहले कई बार सरकार के साथ बातचीत हुई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला. आंदोलन स्थल पर मौजूद लोगों ने बुधवार शाम को शहीद स्मारक कूच करने का एलान कर दिया. पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो पत्थरबाजी करने लगे. पुलिस ने लाठियां भांजी और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ पर काबू पाया.

इसे भी पढ़ें: 10% आरक्षण की मांग : डीएनटी समुदाय के महापड़ाव में बवाल, लोगों ने पुलिस पर जमकर किया पथराव