फेसबुक से मिला सुराग: पिता से नाराज होकर 2 साल पहले भागा 9वीं का छात्र राजस्थान में मिला, गोरखपुर पुलिस लाई वापस
पुलिस की पूछताछ में शशिकांत ने बताया कि वह एक फेमस यूट्यूबर से मिलने के लिए राजस्थान पहुंचा था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 8:25 PM IST
गोरखपुर: गुलरिहा थाना क्षेत्र से करीब दो साल पहले लापता हुआ 9वीं कक्षा का छात्र राजस्थान के अजमेर में मिला है. पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश कर रही थी. इसी बीच घर वालों ने फेसबुक पर बेटे की फोटो देख पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने सूचना के आधार पर जांच शुरू की तो उसका लोकेशन राजस्थान के अजमेर में मिला था. उसके बाद अजमेर की स्थानीय पुलिस की मदद से छात्र को बरामद कर लिया गया.
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा थाना क्षेत्र के स्नेहा सिटी कॉलोनी, मुगलहा के रहने वाले तारकेश्वर पांडे का 15 साल का बेटा शशिकांत 3 सितंबर 2024 को सुबह स्कूल के लिए निकला तो फिर वापस घर नहीं आया. परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. थक हार कर परिजनों ने गुलरिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. जिसमें परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी.
बताया गया कि लापता होने से एक दिन पहले पिता ने शशिकांत को पढ़ाई के लिए काफी डांट फटकार लगाई थी, जिससे वह बहुत नाराज हुआ था. अगले दिन जब वह सुबह स्कूल गया तो फिर वापस नहीं लौटा. स्कूल की छुट्टी के बाद परिजनों ने उसका इंतजार किया, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा. परिजनों ने जब स्कूल जाकर पर पता किया तो पता चला कि वह स्कूल आया ही नहीं था.
उसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, तब से पुलिस छात्र की तलाश कर रही थी, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चला था. इसी बीच छात्र के पिता को एक दिन फेसबुक पर शशिकांत की फोटो दिखी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने सर्विलांस के जरिए छान बीन शुरू तो छात्र की लोकेशन राजस्थान के अजमेर में मिली.
अजमेर पुलिस से बात कर गोरखपुर से टीम रवाना हुई, वहां छात्र को एक होटल में काम करते हुए पाया गया. फिलहाल छात्र को बरामद कर पुलिस सभी औपचारिकता पूरी करने के बाद शुक्रवार को गोरखपुर लेकर पहुंची, और परिजनों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया.
पुलिस की पूछताछ में शशिकांत ने बताया कि वह एक फेमस यूट्यूबर से मिलने के लिए राजस्थान पहुंचा था. जिसका वह फैन है, उसी से मिलने के लिए घर से नाराज होकर निकला था, लेकिन उससे मिल नहीं पाया, तो होटल में काम ढूंढ लिया और करने लगा.
ये भी पढ़ें- UPTET 2026: दूसरे दिन की परीक्षा जारी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर

