धनबाद पुलिस की सख्ती, 249 वारंट का निपटारा, 34 आरोपी सलाखों के पीछे
धनबाद पुलिस ने जिले में कानून का राज कायम रखने के लिए कई जगहों पर छापेमारी की.

Published : April 28, 2026 at 6:04 PM IST
धनबाद: जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस सख्त नजर आ रही है. वरीय एसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सोमवार देर रात चलाए गए मेगा अभियान में पुलिस ने रिकॉर्ड स्तर पर कार्रवाई करते हुए लंबित वारंट का तेजी से निपटारा किया है.
पुलिस की छापेमारी ने उड़ाई अपराधियों की नींद
जिले भर में पुलिस की गाड़ियों की आवाज और लगातार चल रही छापेमारी ने अपराधियों की नींद उड़ा दी. एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया. जिसमें पुलिस ने पूरी रणनीति और समन्वय के साथ कार्रवाई की.
अभियान की मॉनिटरिंग करते रहे शीर्ष अधिकारी
अभियान की कमान जिले के डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारियों ने संभाली, जबकि सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी पूरे ऑपरेशन की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे. वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी के कारण अभियान तेज, सटीक और प्रभावी रहा.
एक ही रात में 249 लंबित वारंट का निष्पादन
अभियान के दौरान पुलिस ने एक ही रात में 249 लंबित वारंट का निष्पादन कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. इनमें 156 अभियुक्त वारंट, 59 गवाह वारंट, 3 कुर्की वारंट और 31 स्थायी वारंट शामिल हैं. विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ा गया है.
न्यायिक हिरासत में भेज गए 34 अभियुक्त
इस कार्रवाई के दौरान कुल 34 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस की इस सख्ती से साफ हो गया है कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है. एसएसपी प्रभात कुमार ने साफ निर्देश दिए हैं कि लंबित वारंट के निष्पादन में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने लक्ष्य तय किया है कि अप्रैल के अंत तक कम से कम 50% लंबित वारंट का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
आगे भी जारी रहेगी ऐसे अभियान: पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके. इस कार्रवाई से जहां आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों के बीच डर का माहौल साफ नजर आ रहा है.
ये भी पढ़ें- हजारीबाग में पुलिस की उच्चस्तरीय बैठक संपन्न, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर सख्ती के निर्देश
अपनी ही सरकार पर बरसीं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद, कहा- झारखंड में विधि व्यवस्था चौपट

