ETV Bharat / state

स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, दो मैनेजर और चार ग्राहकों को किया गिरफ्तार

स्पा सेंटर में नियमों की अवहेलना और गाइडलाइन के उल्लंघन पर सीएसटी की कार्रवाई.

जयपुर कमिश्नरेट.
जयपुर कमिश्नरेट. (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 24, 2026 at 10:47 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : राजधानी जयपुर में एक स्पा सेंटर में नियमों की अनदेखी और पुलिस कमिश्नरेट की गाइडलाइन के उल्लंघन पर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने सोमवार देर रात कार्रवाई की है. इस दौरान स्पा सेंटर के दो मैनेजर और चार ग्राहक अचानक उग्र हो गए, जिस पर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया.

अचानक उग्र होने पर की गिरफ्तारी : स्पेशल कमिश्नर (ऑपेरशन) राहुल प्रकाश ने मंगलवार को बताया कि स्पा सेंटर्स में नियमों की अवहेलना और गाइडलाइन की पालना नहीं होने की जानकारी मिलने पर सीएसटी की एक टीम चित्रकूट थाना इलाके में स्थित ऑरेंज बॉडी स्पा सेंटर पहुंची. इस दौरान वहां मौजूद लोग अचानक उग्र हो गए, जिसपर दो मैनेजर और चार ग्राहकों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया है. मैनेजर राहुल भदौरिया, राजा उर्फ आकाश शर्मा और ग्राहक रवि मोटवानी, गोविंद सिंह, विशाल जांगिड़ और अमित सारवान को गिरफ्तार किया गया है.

पढ़ें. रतनगढ़ में हाइवे किनारे स्पा की आड़ में अनैतिक काम, 8 युवतियां सहित 13 गिरफ्तार

पुलिस ने जारी की है गाइडलाइन : उन्होंने बताया कि स्पा और बॉडी मसाज सेंटर के संचालन के लिए पुलिस आयुक्तालय की ओर से एक विस्तृत गाइडलाइन जारी की गई है. इसमें महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाने, कमरों में कुंडी नहीं लगाने, जिस परिसर में स्पा-मसाज सेंटर चल रहा है वहां आवासीय गतिविधियों का संचालन नहीं करने, सभी कर्मचारियों के पास आईडी कार्ड होने, प्रोफेशनल कर्मचारियों की नियुक्ति करने, कर्मचारियों पर आपराधिक मुकदमे नहीं होने की हिदायत दी गई थी.

नियम तोड़ने वालों पर आगे भी होगा एक्शन : पुलिस समय-समय पर जांच करती है कि गाइडलाइन के इन बिंदुओं की पालना हो रही है या नहीं. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्पा और मसाज सेंटर पर नियमों की पालना नहीं होने पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. ऐसे सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए यह गाइडलाइन जारी की गई थी.