रतनगढ़ में हाइवे किनारे स्पा की आड़ में अनैतिक काम, 8 युवतियां सहित 13 गिरफ्तार
रतनगढ़ में चल रहे दो स्पा सेंटर्स की आड़ में अनैतिक धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया. 13 लोगों को गिरफ्तार किया.

Published : January 8, 2026 at 8:52 PM IST
चूरू: जिले के रतनगढ़ में नेशनल हाइवे 11 पर स्पा सेंटर्स की आड़ में चल रही अनैतिक गतिविधियों का पुलिस ने बड़ा भंडाफोड़ किया है. रतनगढ़ थाना पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने गुरुवार देर शाम शहर के दो स्पा सेंटर्स पर एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई में 25 से 35 वर्ष आयु वर्ग की आठ युवतियों सहित कुल 13 लोगों को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया और गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया है.
मसाज की आड़ में अवैध धंधा: डीवाईएसपी इनसार अली के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र और एएसआई रामकुमार की टीमों ने नेशनल हाइवे 11 तथा नूवां रोड पर संचालित इन स्पा सेंटर्स पर दबिश दी. सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र ने बताया कि दोनों सेंटर्स पर छापे के दौरान आठ युवतियां और अन्य लोग संदिग्ध अवस्था में मिले. सभी को तुरंत गिरफ्तार कर थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस को शक है कि ये स्पा सेंटर्स मसाज की आड़ में अवैध धंधा चला रहे थे.
इसे भी पढ़ें- बोगस ग्राहक भेज कर पुलिस ने स्पा सेंटर पर मारा छापा, पांच युवतियों सहित 9 गिरफ्तार
सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र ने आगे बताया कि गिरफ्तार युवतियां दिल्ली, पंजाब, कोलकाता, गाजियाबाद और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से ताल्लुक रखती हैं, जबकि गिरफ्तार युवक हरियाणा और राजस्थान के मूल निवासी हैं. पुलिस अब इनसे पूछताछ कर धंधे के नेटवर्क, संचालकों और ग्राहकों की जानकारी जुटा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

