ETV Bharat / state

अपराधियों को पकड़ने के लिए दी थी दबिश, अफीम व डोडा चूरा के साथ स्मैक भी पकड़ी, 65 गिरफ्तार

पु​लिस ने अभियान के तहत दो इनामी अपराधी और 9 हिस्ट्रीशीटरों को भी गिरफ्तार किया.

District Superintendent of Police Office
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 22, 2026 at 7:17 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

चित्तौड़गढ़: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र में पुलिस ने रविवार को एरिया डोमिनेशन के लिए विशेष अभियान चलाया. वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान के दौरान पुलिस की 85 टीमों ने आईजीपी उदयपुर के निर्देश पर दबिश दी. इसमें मादक पदार्थ तस्करी के 22 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं मादक पदार्थों की तस्करी के 9 प्रकरण दर्ज कर 2.344 किग्रा अफीम, करीब 83 किलो डोडा चूरा, 2.9 ग्राम स्मैक व 2.75 ग्राम एमडी जब्त की गई. अभियान में दो इनामी अपराधी व 9 एचएस को भी गिरफ्तार किया गया. दबिश के दौरान 52 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के तहत पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 अपराधियों को गिरफ्तार किया. मादक पदार्थों की तस्करी के 9 प्रकरण दर्ज कर 2.344 किलोग्राम अफीम, करीब 83 किलो डोडा चूरा, 2.9 ग्राम स्मैक व 2.75 ग्राम एमडी जब्त की. पुलिस ने 9 प्रकरणों में बरामद मादक पदार्थों डोडा चूरा, स्मैक व गांजा को विधिवत जब्त कर एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए. पुलिस इन आरोपियों से मादक पदार्थों के स्रोत, नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है.

पढ़ें: एरिया डोमिनेशन: करौली जिले में पुलिस की छापेमार कार्रवाई, 108 आरोपियों को किया गिरफ्तार

आबकारी अधिनियम में दर्ज किए 10 प्रकरण: पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उक्त कार्यवाही के दौरान 10 प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनके कब्जे से अवैध शराब जब्त की. वहीं 7 प्रकरण आर्म्स एक्ट के दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. 3 प्रकरण जुआं अध्यादेश में दर्ज किया गया.

पढ़ें: एरिया डोमिनेशन: जयपुर रेंज में 48 घंटे में 1024 बदमाश गिरफ्तार, संपत्ति जब्त होगी

जारी रहेंगे अभियान: पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दबिश के दौरान पुलिस ने पुराने वांछित अपराधियों में 3 आबकारी अधिनियम के वांछित, 5 आर्म्स एक्ट के वांछित, 7 संपत्ति संबंधी अपराधों के वांछित, 27 अन्य अपराधों में वांछित सहित कुल 52 अपराधियों को हिरासत में लिया है. हिस्ट्रीशीटर को थानों पर बुला कर चेकिंग नोट डाला गया है व उनसे पूछताछ की गई है. उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज एवं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है. जिले में अपराधियों की धरपकड़ एवं अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे.

जैसलमेर में भी कार्रवाई, अपराधियों में मचा हड़कंप : जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में जिलेभर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष ऐरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया. यह अभियान महानिदेशक पुलिस राजस्थान जयपुर, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा तथा जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक के निर्देशानुसार संचालित किया गया. अभियान की मॉनिटरिंग स्वयं पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई और वे लगातार अधिकारियों से पल-पल की जानकारी लेते रहे.

Action in Jaisalmer
जैसलमेर में भी कार्रवाई (ETV Bharat Jaisalmer)

46 टीमों का गठन, 182 पुलिसकर्मी मैदान में उतरे : रविवार को जिले में 46 विशेष पुलिस टीमों का गठन कर 182 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया. पुलिस टीमों ने अपराधियों के 229 संभावित निवास स्थानों पर एक साथ दबिश दी, जिससे बदमाशों में हड़कंप मच गया.

स्थायी वारंटी और इनामी अपराधी गिरफ्तार : जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान के दौरान 6 स्थायी वारंटी, 9 गिरफ्तारी वारंटी, 4 गंभीर प्रकरणों में वांछित अपराधी, 1 इनामी अपराधी तथा 8 सामान्य प्रकरणों में वांछित मुल्जिमों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी गई.

हार्डकोर और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की जांच : हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधियों के 81 ठिकानों की जांच की गई. इनमें से 42 बदमाशों को धारा 170 व 126 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया, जबकि 72 चालानशुदा अपराधियों को चेक किया गया.

एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई : अभियान के दौरान 1 प्रकरण एनडीपीएस एक्ट तथा 1 प्रकरण आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया. पुलिस ने बताया कि वांछित अपराधियों और स्थायी वारंटियों की तलाश में दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. जिला पुलिस की इस सघन कार्रवाई से स्पष्ट है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाएगा.