आज से शुरू होगा हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र, चप्पे-चप्पे पर रहेगी खाकी तैनात
हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू होगा. इसके लिए पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है.


By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 15, 2026 at 10:40 PM IST
|Updated : February 16, 2026 at 7:27 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है. सत्र के दौरान सुरक्षा, कानून व्यवस्था और कार्यवाही के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस शिमला ने जिला प्रशासन, गुप्तचर विभाग, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक एवं बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए हैं.
विधानसभा बजट सत्र के दौरान सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का समन्वय और संचालन साउथ रेंज शिमला की पुलिस उपमहानिरीक्षक अंजुम आरा की देखरेख में रहेगा. विधानसभा सत्र के दौरान संभावित धरना-प्रदर्शन, रैली और अन्य गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए विधानसभा परिसर, आसपास के क्षेत्र को चार पुलिस सेक्टरों में विभाजित किया गया है. प्रत्येक सेक्टर में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिनकी निगरानी में पुलिस बल अपनी ड्यूटी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेगा.
विभिन्न नाकों पर पुलिस तैनात
पुलिस उपमहानिरीक्षक साउथ रेज शिमला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला ने सभी तैनात अधिकारियों एवं जवानों को ड्यूटी, सतर्कता और आपात स्थिति से निपटने के संबंध में जवानों को रविवार को विधानसभा परिसर मे ब्रीफिंग दी है. वहीं, 14 फरवरी से ही शहर के संवेदनशील स्थानों और विभिन्न नाका बिंदुओं पर पुलिस बल को 24×7 तैनात कर दिया गया है, जो संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं.
इतने जवान होंगे तैनात
विधानसभा बजट सत्र के दौरान सुरक्षा के लिए 15 राजपत्रित अधिकारी, अराजपत्रित अधिकारी (एनजीओ) 30, मुख्य आरक्षी 66, आरक्षी 375, महिला आरक्षी 47, कम्युनिकेशन स्टाफ 16, इसके अतिरिक्त 200 होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे. क्विक रिएक्शन टीम (QRT), विशेष सुरक्षा इकाई (SSU) और अन्य विशेष दलों के कुल 75 प्रशिक्षित कमांडो विभिन्न स्थानों पर सतर्क अवस्था में तैनात रहेंगे. इसके अतिरिक्त खुफिया जानकारी एकत्र करने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग की विशेष शाखा (राज्य अन्वेषण विभाग) के कर्मचारी सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे.
ट्रैफिक प्रबंधन
शिमला शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए एक राजपत्रित अधिकारी के पर्यवेक्षण में ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त 50 पुलिस जवान और 30 होमगार्ड कर्मियों की तैनाती की गई है. पुलिस ने आम जनता से अनुरोध किया है कि यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें.
डिजिटल एवं तकनीकी निगरानी
सत्र के दौरान सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों को पूर्ण रूप से सक्रिय किया गया है. आवश्यकता पड़ने पर डिजिटल वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी तथा ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी.

