ETV Bharat / state

50 से ज्यादा म्यूल अकाउंट से 35 करोड़ की ठगी, पोर्टल पर 125 शिकायतें, साइबर ठगी के 23 आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत कार्रवाई में पुलिस ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया.

पुलिस ने बरामद किए गुम-चोरी हुए मोबाइल
पुलिस ने बरामद किए गुम-चोरी हुए मोबाइल (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 6, 2026 at 4:59 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी जयपुर में साइबर ठगी की लगातार बढ़ती वारदातों के बीच जयपुर (पश्चिम) जिला पुलिस ने साइबर अपराध को लेकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जिले में पुलिस ने 50 से ज्यादा ऐसे म्यूल अकाउंट चिह्नित किए हैं, जिनके खिलाफ साइबर ठगी की 125 से ज्यादा शिकायतें पोर्टल पर दर्ज हैं. इन अकाउंट में 35 करोड़ रुपए से ज्यादा की साइबर ठगी की साक्ष्य मिले हैं.

वहीं, पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपेरशन म्यूल हंटर के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच लोगों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया है. इस साल मार्च और अप्रैल में इन कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया है. साथ ही पुलिस ने 212 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद किए और इन फोन को उनके मालिकों को लौटाया.

चोरी-गुम हुए मोबाइल पीड़ितों को लौटाए गए.
चोरी-गुम हुए मोबाइल पीड़ितों को लौटाए गए. (ETV Bharat Jaipur)

इसे भी पढ़ें- चूरू में साइबर ठगों की खैर नहीं ! 'म्यूल हंटर' अभियान के तहत पकड़े 1000 से ज्यादा संदिग्ध खाते, 23 FIR दर्ज

फर्जी खातों के जरिए साइबर ठगी का खेल: जयपुर (पश्चिम) डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से ऑपेरशन म्यूल हंटर चलाया जा रहा है. जयपुर (पश्चिम) जिला साइबर यूनिट और थानों की टीमों ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह अभियान मुख्य रूप से उनके खिलाफ चलाया जा रहा है, जो फर्जी या म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेनदेन कर रहे हैं. कार्रवाई के दौरान पांच लोगों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया है. पड़ताल में सामने आया कि ये आरोपी बैंक खाते मुहैया करवाकर साइबर ठगी की रकम को एक से दूसरे स्थान पर पहुंचा रहे थे.

ठगी के 1.34 करोड़ रुपए रिफंड करवाए: उन्होंने बताया कि इस साल अप्रैल में सीईआईआर पोर्टल व अन्य तकनीकी सहायता से 212 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 40 लाख रुपए है. धोखाधड़ी की दर्ज शिकायतों में 1.34 करोड़ रुपए रिकवर कर पीड़ितों के खातों में रिकवर करवाए गए हैं. उन्होंने बताया कि चित्रकूट, हरमाड़ा, चौमू, दौलतपुरा, करधनी, कालवाड़, झोटवाड़ा, करणी विहार, बगरू थाने में साइबर ठगी से संबंधित 9 मुकदमे दर्ज कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

इसे भी पढ़ें- ऑपरेशन म्यूल हंटर: साइबर ठगों के खिलाफ जैसलमेर पुलिस ने की कार्रवाई, पीड़ितों को लौटाए 1.13 लाख रुपए