जगन गुर्जर हत्याकांड के बाद डीग के अजान गांव में पुलिस अलर्ट, जानिए वजह और एसपी के निर्देश...
जगन की हत्या के आरोपी विष्णु का गांव है डीग का अजान. परिवार को धमकी की चर्चा के बीच पुलिस ने उठाया एहतियाती कदम.

Published : June 30, 2026 at 7:03 PM IST
भरतपुर: अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के बाद भरतपुर जिले का अजान गांव पुलिस की निगरानी में है. दरअसल, इसी गांव का एक बंदी विष्णु जाट घटना के समय जगन गुर्जर के साथ उसी बैरक में बंद था. घटना के बाद उसके परिवार को धमकी मिलने की चर्चा के बीच डीग पुलिस प्रशासन ने गांव में सतर्कता बढ़ा दी. हालांकि, पुलिस का कहना है कि अब तक परिवार की ओर से किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है.
डीग पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ ने बताया कि अजमेर जेल की घटना के बाद एहतियात अजान गांव में पुलिस को अलर्ट कर दिया है. संबंधित थाना पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. स्थानीय खुफिया तंत्र को भी घटनाक्रम पर नजर रखने को कहा है. एसपी ने बताया कि फिलहाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात नहीं किया है. संबंधित थाना अपने उपलब्ध जाप्ते के साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए है. थाना प्रभारी गांव का दौरा कर चुके हैं. नियमित गश्त कराई जा रही है.
सभी एसएचओ को अलर्ट किया: एसपी शरण गोपीनाथ ने बताया कि धमकी संबंधित अब तक पुलिस के पास ऐसी कोई सूचना या शिकायत नहीं पहुंची है. मीडिया से ही उन्हें इस तरह की चर्चा की जानकारी मिली. इसके बावजूद पुलिस ने घटना के अगले ही दिन से सभी थाना प्रभारियों को मौखिक रूप से अलर्ट रहने के निर्देश दे दिए थे.
लिखित आदेश नहीं: एसपी के अनुसार अभी तक इस संबंध में लिखित आदेश जारी नहीं किया है. सभी थाना प्रभारियों और आसूचना अधिकारियों को मौखिक निर्देश देकर संवेदनशील स्थिति पर नजर रखने को कहा है. यदि भविष्य में संबंधित परिवार से कोई शिकायत आती है या सुरक्षा को लेकर खतरा सामने आता है तो तत्काल आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जाएगा. अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराएंगे. फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने को स्थानीय पुलिस नजर रखे है.
पढ़ें:डकैत जगन गुर्जर हत्या मामला, परिजनों ने CBI जांच की मांग की, आज अजमेर में होगा पोस्टमार्टम
अजान का है विष्णु: अजान गांव निवासी विष्णु जाट का नाम पहले बाइक चोरी की वारदातों में सामने आया था. बाद में वह कृपाल जघीना गैंग के संपर्क में आकर संगठित अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया. वर्ष 2023 के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड में मुख्य सूत्रधार और शूटर रहा. उसने मुस्लिम युवक का वेश धारण कर पुलिस बस में सफर किया. साथियों को लगातार लोकेशन देता रहा और आमोली टोल प्लाजा पर कुलदीप पर पहली गोली चलाई. घटना के बाद पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने पर गिरफ्तार हुआ. पिछले तीन साल से अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद विष्णु अब पूर्व डकैत जगन गुर्जर की हत्या का भी आरोपी बताया जा रहा है.
पढ़ें:साइकिल पर दूध बेचने वाला 'जगन' बना चंबल का खूंखार डकैत, 4 बार किया था सरेंडर, बीहड़ में था खौफ

