जयराम महतो प्रकरण में डीएसपी रैंक के अफसरों का खुला विरोध, पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने कहा- अफसरों की गरिमा से समझौता नहीं
झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने जयराम महतो और पुलिस के बीच चल रहे विवाद पर अपना पक्ष रखा है. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

Published : September 1, 2026 at 7:35 PM IST
रांचीः डुमरी विधायक जयराम महतो और पुलिस के बीच चल रहे विवाद में अब डीएसपी स्तर के पुलिस अधिकारियों के संगठन झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने खुलकर अपना पक्ष रखा है. एसोसिएशन ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित गाली-गलौज, धमकी और अमर्यादित व्यवहार की घटना पर गंभीर आपत्ति जताते हुए इसे पुलिस अधिकारियों की गरिमा और मनोबल से जोड़ दिया है.
डीएसपी स्तर के अफसरों का संगठन आया सामने
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष संजय कुमार और महासचिव बुधराम उरांव की ओर से 1 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 21 अगस्त को धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में हुई घटना के दौरान थाना प्रभारी के साथ विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों द्वारा कथित तौर पर अपमानजनक एवं अमर्यादित व्यवहार किया गया, जो कहीं से भी उचित नही है. इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विरोध करने वाला संगठन कोई सामान्य पुलिसकर्मियों का संगठन नहीं, बल्कि झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन है, जो राज्य के डीएसपी स्तर के पुलिस अधिकारियों का प्रतिनिधित्व करता है.
यानी इस विवाद में अब निचले स्तर के पुलिसकर्मियों के साथ-साथ पुलिस महकमे के अधिकारी स्तर का संगठन भी सामने आ गया है. एसोसिएशन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि ड्यूटी के दौरान किसी पुलिस पदाधिकारी के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार को महज व्यक्तिगत विवाद के तौर पर नहीं देखा जा सकता.
प्रतिकूल परिस्थितियों में काम करते हैं पुलिस अफसर
एसोसिएशन ने कहा है कि पुलिस पदाधिकारी और कर्मी आम लोगों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अनुसंधान के लिए लगातार प्रतिकूल परिस्थितियों में काम करते हैं. ऐसे में यदि ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारियों को अपमानित किया जाता है या धमकाया जाता है तो इससे पूरे पुलिस बल की गरिमा और मनोबल प्रभावित होता है. एसोसिएशन ने यह भी कहा कि पिछले कुछ दिनों में पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को केंद्रित करते हुए अमर्यादित और अशोभनीय विचार सोशल मीडिया समेत विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रखे जा रहे हैं. संगठन ने ऐसी प्रवृत्ति पर चिंता जताई है.
सांकेतिक और चरणबद्ध विरोध का ऐलान
झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने बरवाअड्डा प्रकरण के विरोध में सांकेतिक और चरणबद्ध तरीके से अपना विरोध जारी रखने की बात कही है. एसोसिएशन ने इसे पुलिस अधिकारियों की गरिमा और सम्मान के समर्थन में उठाया गया कदम बताया है. संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के सम्मान तथा गरिमा के सवाल पर उनके साथ खड़ा रहेगा.
दर्ज प्राथमिकी की पेशेवर जांच की मांग
एसोसिएशन ने धनबाद पुलिस से घटना के संबंध में दर्ज प्राथमिकी का पेशेवर दक्षता के साथ अनुसंधान करने की अपेक्षा जताई है. संगठन ने उम्मीद जताई है कि मामले की जांच तथ्यों और कानून के आधार पर की जाएगी. वहीं इस घटनाक्रम से जयराम महतो प्रकरण में पुलिस की नाराजगी का दायरा बढ़ता दिख रहा है. पहले पुलिस एसोसिएशन की ओर से विधायक से माफी की मांग और कार्रवाई को लेकर दबाव बनाया गया था, अब डीएसपी स्तर के अधिकारियों के संगठन के औपचारिक रूप से सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है.
ये भी पढ़ेंः
बोकारो में जयराम महतो के खिलाफ पुलिस मेंस एसोसिएशन ने खोला मोर्चा, विधायक के बयान पर जताई नाराजगी

