रक्षा बंधन पर बाल आश्रय और प्रेमाश्रय पहुंचे रांची पुलिस के अधिकारी, बच्चों के साथ मनाई राखी
रांची में पुलिस अधिकारियों ने बाल आश्रय और प्रेमाश्रय जाकर बच्चों के साथ रक्षा बंधन मनाया. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Published : August 28, 2026 at 7:24 PM IST
रांचीः रक्षा बंधन के पावन अवसर पर रांची पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए बालाश्रय और प्रेमाश्रय के बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया.
शुक्रवार को रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात एवं कोतवाली एएसपी पंडरा स्थित बालाश्रय और चुटिया स्थित प्रेमाश्रय पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ रक्षा बंधन की खुशियां साझा की.
इस अवसर पर आश्रम के बच्चों ने पुलिस अधिकारियों की कलाई पर राखियां बांधीं. बच्चों ने अधिकारियों को अपना भाई और संरक्षक मानते हुए स्नेह एवं विश्वास का भाव व्यक्त किया. पुलिस अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ आत्मीयता से बातचीत की और उनके साथ बैठकर भोजन किया. इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों की पढ़ाई, उनकी रुचियों और भविष्य की इच्छाओं के बारे में जानकारी ली.
इस कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को उपहार भेंट किए और उनका उत्साह बढ़ाया. बच्चों के साथ बातचीत करते हुए अधिकारियों ने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को स्नेह, सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए. बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर सकारात्मक माहौल तैयार करने की जरूरत है.
अधिकारियों ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सुरक्षा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है. ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें यह एहसास होता है कि समाज उनके साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है.
पुलिस समाज के हर वर्ग के सुख-दुःख में सहभागी बनने और जरूरतमंदों को सुरक्षा एवं सहयोग देने के लिए भी प्रतिबद्ध है. इस तरह के आयोजन पुलिस और आम लोगों के बीच विश्वास तथा संवेदनशीलता को और मजबूत करते हैं. रक्षा बंधन का यह आयोजन आश्रम के बच्चों के लिए खास और यादगार रहा. इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय थाना के पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें- सरकारी स्कूल की नन्हीं बहनों ने बांधी राखी, भावुक हुए रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री, बोले- खूब पढ़ो और बड़ा मुकाम हासिल करो
इसे भी पढ़ें- Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन पर होटवार जेल पहुंचीं बहनें, 3000 से अधिक बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी

