काशी विश्वनाथ मंदिर में रंगभरी एकादशी पर पुलिस ने बटुक को पीटा, महिला से भी की बदसलूकी, डीसीपी काशी बोले- लेंगे एक्शन
रंगभरी एकादशी पर काशी में पुलिस द्वारा भक्तों से अभद्रता करने का वीडियो सामने आया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 4:11 PM IST
|Updated : February 28, 2026 at 4:23 PM IST
वाराणसी : काशी विश्वनाथ मंदिर में रंगभरी एकादशी के दिन भक्तों से अभद्रता करने का वीडियो सामने आया है. एक वीडियो में दिख रहा है कि मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक बटुक (पुजारी वर्ग का युवक) के साथ मारपीट की. पहले एक सिपाही ने उसे तीन थप्पड़ मारे. इसके बाद दरोगा ने उसके बाल खींचे और धक्का देकर बैरिकेडिंग के पीछे कर दिया.
वायरल दूसरे वीडियो में एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर के साथ पुलिस वाले बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं. इस पूरे प्रकरण पर डीसीपी गौरव वंसवाल का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर कार्रवाई की जाएगी.
बता दें, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में शुक्रवार को रंगभरी एकादशी का त्योहार मनाया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने पहुंचे. भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस के पसीने छूट गए. मंदिर के मुख्य परिसर में जाने के लिए बहुत बड़ी संख्या में डमरू दल के लोग मौजूद थे, जो अंदर जाना चाह रहे थे, लेकिन प्रवेश की अनुमति नहीं मिली. धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. इतने में डमरू दल के एक सदस्य बटुक को वहां मौजूद पुलिस वाले ने थप्पड़ जड़ दिया.
वहीं मंदिर के गेट नंबर 4 के पास एक महिला और पुरुष इनफ्लुएंसर के साथ बदसलूकी का मामला भी सामने आया है, जो पुलिसकर्मियों के द्वारा ही की गई है. डीसीपी काशी गौरव वंसवाल ने बताया, जिन मीडियाकर्मियों के पास आई कार्ड थे उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई थी. सोशल मीडिया से जुड़े लोगों को जाने नहीं दिया जा रहा था. जिसकी वजह से हो सकता है किसी को रोका गया हो.
यह भी पढ़ें : लखनऊ में ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में UGC पर चुप रहे डॉ. दिनेश शर्मा, लोगों ने की जमकर नारेबाजी

