कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में मासूमों की पिटाई से लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
रुड़की में कथित कोल्ड ड्रिंक चोरी के मामले में बच्चों की पिटाई से लोगों में खासा आक्रोश है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 21, 2026 at 1:22 PM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले के दरियापुर गांव में इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर चार मासूम बच्चों को रस्सी से बांधकर लाठी से पीटा गया है. बताया गया है कि बच्चों की पिटाई कोल्ड ड्रिंक चोरी करने के शक में की गई है. पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया. हालांकि, पुलिस द्वारा इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है. लेकिन बच्चों के साथ की गई इस घिनौनी हरकत से इंसानियत को शर्मसार कर दिया है.
दरअसल, वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग नाबालिग बच्चों को रस्सी से बांधकर मारपीट कर रहे हैं. किसी बच्चे के गालों पर ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाए जा रहे हैं तो किसी को डंडों से पीटा जा रहा है. लेकिन हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद कुछ लोग इस अमानवीय घटना को रोकने के बजाए उसका वीडियो बनाते रहे. बच्चों की चीख-पुकार और रहम की गुहार भी आरोपियों के दिल को नहीं पिघला सकी.
वायरल वीडियो बीते दिनों का है और यह पिरान कलियर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव का है. पुलिस द्वारा वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच की गई और बच्चों के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
-शेखर चंद्र सुयाल,एसपी देहात-
बताया जा रहा है कि बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी करने का आरोप है. हालांकि कानून अपने हाथ में लेकर नाबालिग बच्चों के साथ इस तरह की बर्बरता ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी हरकत में आ गई और आरोपियों के खिलाफ शुरू कर दी है. बहरहाल, इस मामले में जो भी लोग इन बच्चों को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और इन बच्चों की काउंसलिंग होनी चाहिए. वरना ये बच्चे पूरी जिंदगी इस घटना को नहीं भूल पाएंगे.
पढ़ें- किराया विवाद में शर्मनाक हरकत! टैक्सी ड्राइवर को जूतों की माला पहनाकर किया अपमानित

