डूंगरपुर: 90 लाख की शराब से भरा ट्रक पुलिस ने पकड़ा, चावल की आड़ में गुजरात ले जा रहे थे तस्कर
रतनपुर बॉर्डर पर चौकी के सामने पुलिस ने चंडीगढ़ निर्मित शराब पकड़ी, जो चावल की बोरियों की नीचे छुपाकर ले जाई रही थी.

Published : June 3, 2026 at 2:50 PM IST
डूंगरपुर: बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर एक ट्रक से करीब 90 लाख रुपए की अंग्रेजी शराब जब्त की है. चावल की बोरियों की आड़ ये अवैध शराब ले जाई जा रही थी. चंडीगढ़ निर्मित शराब के कार्टून चावल की बोरियों की नीचे छुपाकर तस्करी हो रही थी. पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है, जो शराब लेकर गुजरात लेकर जा था.
गुजरात ले जाई जा रही थी अवैध शराब: डूंगरपुर डीएसपी पारस चौधरी ने बताया कि अवैध शराब की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है. बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाशचंद्र सोनी के नेतृत्व में रतनपुर चौकी प्रभारी एसआई अब्दुल मुनाफ और टीम ने नेशनल हाइवे-48 पर राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर चौकी के सामने नाकाबंदी की थी. इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उदयपुर की ओर से आ रहा एक ओपन बॉडी ट्रक अंग्रेजी शराब की खेप लेकर गुजरात जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- कोटा: एक्सप्रेसवे पर आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई, 70 लाख की अवैध शराब पकड़ी
चावल की बोरियों की नीचे रथी थी शराब: डीएसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गुजरात नंबर के ट्रक को रुकवाकर ड्राइवर से पूछताछ की. उसने ट्रक में चावल भरे होना बताया, लेकिन सूचना पुख्ता होने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली. ट्रक में चावल की बोरियां भरी हुई दिखाई दीं, लेकिन जब बोरियों को हटाकर देखा गया तो उनके नीचे विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब के कार्टन छिपाकर रखे हुए मिले. इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चौकी पर खड़ा करवाया.
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया: पारस चौधरी ने बताया कि ट्रक में चंडीगढ़ निर्मित 846 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई. सभी कार्टनों पर “फॉर सेल ओनली इन चंडीगढ़” लिखा मिला. पुलिस ने मौके से ट्रक चालक योगेश पुत्र रैयाभाई कोडियातर (42), निवासी रणवाली गली, छाया प्लॉट, कमलाबाग थाना क्षेत्र, जिला पोरबंदर (गुजरात) को गिरफ्तार कर लिया. जब्त शराब की करीब 90 लाख रुपए बताई गई है. साथ ही इस अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.
इसे भी पढ़ें- 35 लाख की अवैध शराब जब्त, हेलमेट डिब्बों में छिपाकर गुजरात ले जा रहे थे तस्कर

