ETV Bharat / state

पुलिस के लिए मुसीबत बनी भैंस: दो दावेदार सामने आए तो थाने में खड़ी कराई, मेडिकल भी कराया पर सुलझा नहीं मामला

कोटा में एक भैंस व पाडे़ के दो दावेदार लड़ते हुए कुन्हाड़ी थाने पहुंचे. पुलिस को भैंस को गाड़ी में लोड कर थाने मंगवाना पड़ा.

Buffalo standing in the police station
थाने में खड़ी भैंस (ETV Bharat kota)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 3, 2026 at 8:57 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा: शहर की कुन्हाड़ी थाना पुलिस एक अजीब मामले में फंस गई. यहां एक भैंस और उसके पाडे़ (बच्चा) को लेकर दो दावेदार सामने आ गए. भैंस के असली मालिक का पता लगाने में पुलिस के पसीने छूट गए. पुलिस ने भैंस की उम्र तय करने के लिए मेडिकल भी कराया लेकिन असली मालिक तय नहीं कर पाई. भैंस और पाड़ा फिलहाल पुलिस थाने में रखे गए हैं, जिन्हें गौशाला भिजवाया जाएगा ताकि दोनों दावेदारों में विवाद व झगड़ा ना हो.

कुन्हाड़ी थाना अधिकारी कौशल्या गालव ने बताया कि एक भैंस व पाडे़ के दो दावेदार लड़ते हुए थाने पहुंचे. पुलिस को भैंस को गाड़ी में लोड कर थाने मंगवाना पड़ा. भैंस की उम्र और मालिक का पता लगाने के लिए उसका मेडिकल कराया. एक व्यक्ति भैंस की उम्र 7 साल और दूसरा साढ़े 4 साल बता रहा है. मेडिकल में भैंस की उम्र चार से पांच साल आई है. संभवतः उसी की भैंस है. हालांकि दोनों पक्ष संतुष्ट नहीं हुए. अन्य सबूत मांगे जा रहे हैं. उसके बाद भैंस के संबंध में फैसला होगा. अभी भैंस पुलिस कस्टडी में थाने में ही है. पुलिस दोनों पक्षों से और सबूत मांग रही है ताकि जिसकी भैंस है, उसे दी जा सके.

पढ़ें : खेत में भैंस घुसाने पर दो पक्षों में लाठी भाटा जंग, पांच लोग घायल

ऐसे शुरू हुआ विवाद: हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह ने बताया कि बालिता रोड पर रहने वाले इंद्रजीत केवट की भैंस 4 माह पहले गुम गई थी. यह अभी तक नहीं मिली. 2 दिन पहले एक भैंस केवट के बाड़े में आ गई. उसने इसे बांध लिया. दूसरे पक्ष के रामलाल मेघवाल ने कहा कि दो दिन पहले उसकी भैंस गुम गई थी, जो इंद्रजीत के बाड़े में बंधी मिली है. जहां से रामलाल उसे ले आया. इस भैंस पर केवट ने अपना दावा कर दिया. इंद्रजीत केवट ने एसपी ऑफिस में परिवाद भी दिया. इस पर उच्चाधिकारियों ने ही मामले की जांच के निर्देश दिए.

पढ़ें:उदयपुर में भीषण सड़क हादसा: भैंस को बचाने के चक्कर में 5 गाड़ियां भिड़ीं, 4 लोगों की दर्दनाक मौत

दोनों के दावे: इंद्रजीत केवट ने करीब 4 माह पहले गुम अपनी भैंस की उम्र 7 साल बताई. उसने कहा कि जब वह पाड़ी थी, तभी से उसने पाला. उसके पहले पाड़ी और अभी एक पाड़ा है. वहीं रामलाल ने भैंस की उम्र 4 से 5 साल बताई और उसके एक पाड़ा बताया. हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह का कहना है कि दोनों ने मंदिर में खड़े होकर अपनी भैंस होने का दावा किया. भैंस का मौखापाड़ा के बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में मेडिकल कराया. पशु चिकित्सकों ने उसकी उम्र 4 से 5 साल बताई है. इस उम्र के सामने आने के बाद भी एक पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ. दोनों ने चिकित्सकों को भैंस के साथ फोटो भी दिखाए. हालांकि इससे कुछ भी क्लियर नहीं हो पा रहा है. अब दोनों से और सबूत मांगे जा रहे हैं.

पढ़ें:जंगल में भैंस चराने गए किसान पर पैंथर ने किया हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में कराया भर्ती