ETV Bharat / state

रुद्रपुर इंदिरा कॉलोनी में महिला की हत्या की सूचना निकली झूठी, पुलिस महकमे में मची अफरा-तफरी

रुद्रपुर में महिला की हत्या की गलत सूचना देने पर पुलिस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है.

Rudrapur Police False Information
महिला की हत्या की सूचना निकली झूठी (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 28, 2026 at 8:45 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: बंगाली इंदिरा कॉलोनी में महिला की हत्या की सूचना से शुक्रवार को पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. आपातकालीन सेवा 112 पर मिली इस सूचना के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई, लेकिन मौके पर पहुंचने पर मामला पूरी तरह भ्रामक निकला. अब पुलिस झूठी सूचना देने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है.

रुद्रपुर शहर की बंगाली इंदिरा कॉलोनी में महिला की हत्या की सूचना मिलने से पुलिस महकमे में अफरातफरी का माहौल बन गया. आपातकालीन सेवा 112 पर आई इस कॉल में कॉलर ने कॉलोनी में एक महिला की हत्या होने की बात कही थी. सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रुद्रपुर कोतवाली पुलिस को अलर्ट किया. बिना समय गंवाए पुलिस टीम बताए गए पते की ओर रवाना हो गई. मौके पर पहुंचकर उप निरीक्षक जीवन राम अधिकारी ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की. कॉलोनी में रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई और घर-घर जाकर जानकारी जुटाई गई.

महिला की हत्या की झूठी सूचना देने वाली की तलाश तेज (Video-ETV Bharat)

हालांकि किसी भी परिवार ने ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की. पुलिस ने आसपास के कई मकानों में जाकर पड़ताल की, लेकिन महिला की हत्या जैसी कोई वारदात सामने नहीं आई. काफी देर तक छानबीन और सत्यापन के बाद यह साफ हो गया कि सूचना पूरी तरह झूठी और भ्रामक थी. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कॉल करने वाला व्यक्ति हल्द्वानी क्षेत्र से फोन कर रहा था. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि कॉलर नशे की हालत में था. जब पुलिस ने दिए गए मोबाइल नंबर पर दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला.

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से कॉलर की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सूचना को अत्यंत गंभीरता से लिया गया और तत्काल पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी. उन्होंने कहा कि इस तरह की झूठी सूचनाएं न केवल पुलिस संसाधनों और समय की बर्बादी करती हैं, बल्कि वास्तविक आपात स्थितियों से ध्यान भी भटका सकती हैं. ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि आपातकालीन सेवाएं आम जनता की सुरक्षा के लिए होती हैं और उनका दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. फिलहाल पुलिस संबंधित व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है.

पढ़ें-