ETV Bharat / state

अनहोनी की आशंका के बीच दो लापता महिलाएं बरामद, परिजनों को किया सुपुर्द

रुद्रप्रयाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने लापता दो महिलाओं को तलाश लिया है.

Rudraprayag missing woman recovered
कॉन्सेप्ट इमेज (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 9, 2026 at 2:22 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए दो अलग-अलग राजस्व क्षेत्रों से लापता चल रही महिलाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है. यह दोनों बरामदगियां चौकी जखोली पुलिस के कुशल प्रयासों से संभव हो सकी. वहीं विगत वर्ष 21 महिलाओं के लापता होने पर उन्हें अलग-अलग शहरों से बरामद किया गया.

राजस्व क्षेत्र बुढना से एक महिला की गुमशुदगी और राजस्व क्षेत्र कोट बांगर से एक युवती की गुमशुदगी दर्ज की गई थी. मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे. चौकी प्रभारी जखोली अपर उपनिरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सघन प्रयासों और सूचना तंत्र के आधार पर दोनों गुमशुदा महिलाओं को सकुशल बरामद कर लिया है.

बरामदगी के बाद दोनों महिलाओं को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया व आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग अक्षय प्रह्लाद ने बताया कि जनपद पुलिस महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. राजस्व क्षेत्रों से गुमशुदगी के इन मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते महिलाओं को सकुशल बरामद किया है. उन्होंने कहा कि आगे भी महिला संबंधी अपराधों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

गौर हो कि रुद्रप्रयाग जिले में महिलाओं के लापता होने के मामले लगातार आ रहे हैं. पिछले साल जहां 21 महिलाओं के लापता होने पर उन्हें अलग–अलग शहरों से बरामद किया गया. वहीं साल के शुरुआती सप्ताह में ही दो मामले सामने आए हैं, जिनमें पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की है और महिलाओं को खोजकर परिजनों के सुपुर्द किया. आए दिन महिलाओं के लापता होने के मामलों ने चिंता खड़ी कर दी है. सामाजिक कार्यकर्ता अजय सेमवाल ने कहा कि रुद्रप्रयाग जनपद में महिलाओं के लापता होने के मामले बढ़ रहे हैं, जिन पर समय रहते ठोस कदम उठाने की जरूरत है. ग्रामीण इलाकों में जागरूकता की भारी कमी है.

पढ़ें-