ETV Bharat / state

धनबाद में पुलिया के नीचे मिला 3 दिनों से लापता शख्स का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

DHANBAD POLICE FOUND DEAD BODY
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 25, 2025 at 7:16 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबाद: जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह पुलिया के नीचे एक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव की पहचान झरिया थाना क्षेत्र के भगतडीह परसाटांड़ के रहने वाले 50 वर्षीय सुबोध कुमार सिन्हा के रूप में हुई है, वह ट्रक लोडिंग का काम करता था. इधर, मृतक के परिजन इस घटना को सामान्य मृत्यु नहीं मानकर बल्कि हत्या की बात कह रहे हैं.

लापता होने से पहले पत्नी से हुई थी बातचीत

मृतक के भाई प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि हर दिन सुबोध, गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कौवाबांध स्थित ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा में ट्रक लोडिंग के लिए जाया करता था. 22 दिसंबर की सुबह 7 बजे वह घर से भट्ठा जाने की कहकर निकला था. शाम 5 बजे लोडिंग का काम खत्म कर वह भट्ठा से निकला था. भट्ठा के पास में ही स्थित एक साइबर कैफे में प्रिंटआउट निकालने के लिए भी वह गया था. शाम करीब साढ़े पांच बजे पत्नी से सुबोध से बातचीत भी हुई लेकिन उसके बाद सुबोध कुमार का फोन स्विच ऑफ बताने लगा.

लापता शव मिलने पर परिजन और एएसआई का बयान (Etv bharat)

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों के मुताबिक, लापता होने के बाद उसकी काफी खोजबीन हुई लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी. जिसके बाद थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई. गुरूवार के दिन पुलिस द्वारा शव की जानकारी दी गई. मृतक के भाई का कहना है कि यह सामान्य मृत्यु नहीं है बल्कि उसकी हत्या की गई है. उन्होंने दो लोगों पर हत्या की आशंका भी जताई है. भाई ने कहा कि सुबोध का उसके ससुराल के साथ विवाद चल रहा था.

स्थानीय लोगों द्वारा शव की सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए लाई है. हत्या या हादसा में मौत हुई है, यह कह पाना अभी मुश्किल है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने बाद ही मौत की सच्चाई सामने आएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है: संजय कुमार, एएसआई, गोविंदपुर थाना

ये भी पढ़ें- सरायकेला में अपराधी विजय तिर्की की सरेआम हत्या, सिर में मारी गोली

सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बैंक मैनेजर पत्नी को मारी गोली, थाने में किया सरेंडर, जानें वजह

खूंटी में आदिवासी नेता की गोली मारकर हत्या, पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश