रिज मैदान पर मुश्किल में फंसा पर्यटक, फिर शिमला पुलिस ने चेहरे पर लौटाई मुस्कान
शिमला पुलिस की मदद से एक पर्यटक को उसकी अमानत वापस मिल गई. पर्यटक तमिलनाडु से घूमने आया था

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 21, 2026 at 7:59 AM IST
शिमला: जिला पुलिस ने शुक्रवार को रिज मैदान पर एक पर्यटक के गुम हुए बैग को कुछ ही घंटों में ढूंढ निकाला और उसे पर्यटक को वापस भी कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुम हुए बैग को सीसीटीवी कैमरे की मदद से ढूंढ निकाला है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को तमिलनाडु से आए एक पर्यटक ने पुलिस रिपोर्टिंग रूम, माल रोड शिमला में सूचना दी कि रिज मैदान क्षेत्र में उसका बैग गुम हो गया है, जिसमें लगभग ₹15,000 नकद एवं आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे. सूचना प्राप्त होते ही रिपोर्टिंग रूम से पुलिस टीम तुरंत रिज मैदान के उस क्षेत्र में पहुंची, जहां पर्यटक ने बैग गुम होने की बात कही थी. इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से बैग की तलाश शुरू की थी. त्वरित एवं सतर्क कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों के भीतर गुम बैग को बरामद कर इसे पर्यटक को सुपुर्द कर दिया. बैग मिलने के बाद पर्यटक ने खुशी जाहिर करते हुए हिमाचल पुलिस का धन्यावाद किया और खूब तारीफ भी की.
बता दें कि माल रोड एवं रिज मैदान शिमला देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग आते हैं. रिज मैदान के पास स्थित कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस कर्मी निरंतर सतर्क रहते हुए पर्यटकों एवं आम जनता को हर संभव सहायता प्रदान करते हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैदी से ड्यूटी का निर्वहन कर रहे हैं. शिमला एसपी गौरव सिंह ने बताया कि 'रिपोर्टिंग रूम में सूचना मिली थी कि एक पर्यटक का सामान गुम हो गया है. इसके बाद पुलिस ने तुरंत सीसीटीवी की मदद से पर्यटक का सामान ढूंढ़ निकाला और उसे सुरक्षित पर्यटक को वापस कर दिया.'

