होली की पूर्व संध्या पर रांची में पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील जिलों में विशेष चौकसी
होली को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट है. इसे लेकर होली की पूर्व संध्या पर रांची पुलिस ने फ्लैग मार्च किया.

Published : March 3, 2026 at 8:49 PM IST
रांचीः राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में होली पर्व को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. राज्य के सभी संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं. राजधानी रांची सहित विभिन्न जिलों में होली की पूर्व संध्या पर पुलिस ने फ्लैग मार्च किया.
रैफ और जिला पुलिस के जवानों ने किया फ्लैग मार्च
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि होली पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रांची जिला पुलिस पूर्ण मनोयोग से कार्य कर रही है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, अनुमंडल पदाधिकारी, रांची और पुलिस उपाधीक्षक नगर एवं कोतवाली के नेतृत्व में रांची के लालपुर, कोतवाली, लोअर बाजार सहित अन्य थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया.
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य होली के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना, आमजन में विश्वास उत्पन्न करना और आकस्मिकता की स्थिति से निपटने की पूर्व तैयारी करना है. इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति और सुरक्षा की स्थिति की सूक्ष्मतापूर्वक समीक्षा की गई तथा प्रतिनियुक्त बलों को ब्रीफ किया गया. साथ ही साथ जनता से अपील है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि एवं असामाजिक तत्वों की तुरंत सूचना पुलिस को दें.
अवैध शराब बिक्री के खिलाफ छापेमारी जारी
रांची के सिटी एसपी ने बताया कि होली में नकली शराब न बिके इसके लिए पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. अवैध शराब के अड्डों पर पुलिस ने छापेमारी कर रही है. कई जगहों पर देसी शराब, स्प्रिट सहित शराब भी पकड़ी जा चुकी है. नकली शराब और स्प्रिट की सप्लाई न हो इसके लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.
भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई
होली के मद्देनजर सोशल मीडिया पर भी पुलिस निगरानी कर रही है. इसके लिए साइबर सेल में एक विशेष टीम बनाई गई है. टीम सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर निगरानी कर रही है.पुलिस की तरफ से सख्त चेतावनी जारी की गई है. जिसमें कहा है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी. कई ग्रुप के एडमिन को थाना स्तर से आगाह किया गया है. चेतावनी दी गई है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट किया गया, तो पोस्ट करने वाले और एडमिन पर कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
होली को लेकर रांची में 2000 अतरिक्त बलों की तैनाती, एंटी ड्रंक एंड ड्राइव अभियान भी शुरू
होली में हुड़दंगियों पर रहेगी सख्त नजर, अलर्ट मोड में धनबाद पुलिस
होली और गर्मी को लेकर पुलिस केंद्र में फायर सेफ्टी ड्रिल, आग पर काबू पाने के मिले टिप्स

