ETV Bharat / state

चावल की आड़ में हाईटेक तरीके से तस्करी,पुलिस ने खोलकर देखे तो फटी रह गई आंखें, 1.5 करोड़ की शराब जब्त

एजीटीएफ और दौसा पुलिस ने एक्सप्रेस वे पर की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार.

1.5 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त
1.5 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त (फोटो -राजस्थान पुलिस)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 11, 2026 at 11:53 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : शराब की तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. एक्सप्रेस वे पर चावल की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की गई है. जब्त शराब की खेप की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए है. एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और दौसा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. एजीटीएफ के एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में एसपी ज्ञानचंद यादव और एएसपी सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर नाकेबंदी कर अवैध शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा है.

खुफिया इनपुट और एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी : एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि उदयपुर डीएसटी के हेड कांस्टेबल करतार सिंह की सटीक सूचना पर यह कार्रवाई की गई है. सूचना मिलते ही एजीटीएफ टीम ने दौसा जिले में स्थानीय सदर थाना पुलिस और डीएसटी को साथ लेकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर जाल बिछाया. रात के अंधेरे में जब संदिग्ध ट्रक आता दिखा, तो पुलिस टीम ने उसे रुकवा लिया. पुलिस को देखकर ट्रक चालक घबरा गया और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया.

इसे भी पढ़ें: लग्जरी गाड़ी से करते थे नशे की तस्करी, शक न हो इसलिए रखता था महिला को साथ, दो गिरफ्तार

चावल के कट्टों के पीछे पंजाब निर्मित शराब : उन्होंने बताया कि तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ट्रक में 415 चावल के कट्टे भर रखे थे. जब ट्रक की गहन तलाशी ली गई, तो इन कट्टों के पीछे पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से कुल 1071 कार्टन अवैध शराब जब्त की. जिस पर फॉर सेल इन पंजाब लिखा हुआ था.

हरियाणा से गुजरात ले जाई जा रही थी खेप : पुलिस ने मौके से ट्रक चालक दिनेश भांभू (22) निवासी सांजटा थाना सदर बाड़मेर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 60 हजार रुपए नकद और तस्करी में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह शराब हरियाणा के सिरसा (भावदीन टोल) से भरकर गुजरात ले जा रहा था. वह वाट्सएप के जरिए अपने आकाओं के संपर्क में था.

आबकारी अधिनियम में मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस : एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि उदयपुर डीएसटी के हेड कांस्टेबल करतार सिंह की सटीक सूचना पर की गई कार्रवाई में कांस्टेबल रविंद्र सिंह व जितेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व इंस्पेक्टर सुभाष सिंह ने किया. इस टीम में हेड कांस्टेबल महेश सोमरा, महावीर सिंह, मनोज कुमार और चालक सुरेश मीणा सक्रिय रूप से शामिल रहे. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.