ETV Bharat / state

एएनटीएफ का 'ऑपरेशन शस्यविषम':सिवाना में सब्जियों के बीच बो रखी थी अफीम फसल, आरोपी गिरफ्तार

आरोपी ने इंटरनेट से अफीम की खेती करना सीखा और अपने घर के खेत में ही अफीम उगाना शुरू कर दिया.

Police destroyed opium crop
नष्ट की गई अफीम के साथ आरोपी (नीचे बैठा हुआ) (ETV Bharat Siwana)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 21, 2026 at 9:12 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सिवाना (बालोतरा): अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने 'ऑपरेशन शस्यविषम' चलाकर जिला बालोतरा के सिवाना थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती को ध्वस्त कर दिया. एटीएस व एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि 2,428 अफीम के पौधे बरामद कर नष्ट किए गए तथा आरोपी हरजीराम को गिरफ्तार कर लिया गया. लगभग 2,600 वर्ग मीटर क्षेत्र में उगाई गई इस फसल से 20.8 किलोग्राम अफीम और 1.50 क्विंटल डोडा पोस्त निकल सकता था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपए आंकी गई है.

एएनटीएफ टीम को पुलिस थाना सिवाना के सरहद काखी क्षेत्र में अफीम की अवैध फसल होने की सूचना मिली. टीम ने सूचना की पुष्टि की तो पाया कि आरोपी हरजीराम ने अपने खेत में अफीम की खेती की हुई है. टीम जब आरोपी के खेत पर पहुंची तो देखा कि पशु बाड़े के पीछे के हिस्से में परदे की आड़ में सब्जियों, रिजका, बाजरी तथा अरंडी की फसल के बीच अफीम की खेती की गई थी. खेत में कुछ फसल पककर तैयार होने की स्थिति में थी, जबकि कुछ कच्ची थी, जिस पर डोडा तथा फूल आए हुए थे. कुछ डोडे पूरी तरह से पके हुए थे. टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और आसपास के खेतों में छुपकर उसके आने का इंतजार करती रही. आरोपी जैसे ही फसल को देखने आया, टीम ने धावा बोलकर उसे अवैध अफीम की फसल के बीच से दबोच लिया. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पूछताछ जारी है.

एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार (ETV Bharat Siwana)

पढ़ें: अमरूद के बगीचे में सौंफ के नजदीक की जा रही थी अफीम की खेती, 80 लाख की फसल को CBN ने करवाया नष्ट

इंटरनेट से सीखी अफीम की खेती: एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि बागोड़ा गांव निवासी आरोपी हरजीराम करीब 10 साल से डोडा पोस्त के सेवन का आदी है. उसके खिलाफ पूर्व में भी अवैध मादक पदार्थ तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं. चाय की दुकान खोलने सिवाना आया हरजीराम नशे की लत में फंस गया. डोडा पोस्त के सेवन का आदी होने तथा तस्करी में बड़ा मुनाफा कमाने के लालच में उसने स्वयं खेती करने का सोचा, ताकि अन्य लोगों से खरीदना न पड़े. उसने इंटरनेट से अफीम की खेती सीखी और जमीन खरीदकर अवैध कारोबार शुरू कर दिया. एएनटीएफ कई महीनों से उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी.