पुलिस आरक्षक भर्ती को लेकर प्रदर्शन, 1600 रिक्त पदों को दूसरी सूची से भरने की मांग, कवर्धा में हल्लाबोल
दूसरी चयन सूची या प्रतीक्षा सूची के माध्यम से भर्ती करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 21, 2026 at 6:10 PM IST
कवर्धा: छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती को लेकर कवर्धा में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया. 2023-24 में रिक्त रह गए करीब 1600 पदों को दूसरी चयन सूची या प्रतीक्षा सूची के माध्यम से भरने की मांग अभ्यर्थी कर रहे हैं. इसी मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने भारत माता चौक से रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया.
पुलिस ने रोका तो सड़क पर बैठे
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सर्किट हाउस के पास सड़क पर बैरिकेडिंग कर अभ्यर्थियों को रोक दिया. इससे नाराज प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की कर रिक्त पदों पर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की.
ज्ञापन में हाईकोर्ट के निर्देश का भी हवाला
अभ्यर्थियों के अनुसार जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग भर्ती 2023-24 के तहत कुल 5967 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी. इनमें से करीब 4367 पदों पर चयन एवं नियुक्ति हो चुकी है, जबकि लगभग 1600 पद अब भी रिक्त बताए जा रहे हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक से अधिक जिलों की चयन सूची में नाम आने सहित अन्य कारणों से कई पद रिक्त रह गए. अभ्यर्थियों ने कहा कि इन रिक्त पदों को भरने के लिए वे लंबे समय से दूसरी चयन सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं. ज्ञापन में बिलासपुर हाईकोर्ट के निर्देशों का भी हवाला देते हुए सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की गई है.

हम प्रथम चयन सूची के बाद रिक्त रह गए पदों को सेकंड लिस्ट या प्रतीक्षा सूची के माध्यम से भरने की मांग कर रहे हैं. भर्ती प्रक्रिया को काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक सकारात्मक निर्णय नहीं होने से निराशा है.- अभ्यर्थी, प्रदर्शनकारी
वहीं, प्रशासन के लोग अभ्यर्थियों को समझाइश देकर प्रदर्शन समाप्त करने का प्रयास कर रही है लेकिन अभ्यर्थियों ने अपनी मांग पर डटे हुए हैं.

