पुलिस सम्मलेन 8-9 जनवरी को, पुलिसिंग में तकनीक के इस्तेमाल और साइबर सुरक्षा पर होगा मंथन
आरपीए में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में विभिन्न सत्रों में महत्वपूर्ण विषयों पर राष्ट्रीय स्तर के जाने-माने विषय विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे.


Published : January 6, 2026 at 7:20 PM IST
जयपुर: राजस्थान के सभी जिलों के एसपी, रेंज आईजी और पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी 8 और 9 जनवरी को जयपुर में राजस्थान पुलिस अकादमी में जुटेंगे. राष्ट्रीय स्तर पर हर साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में डीजी-आईजी कांफ्रेंस होती है. इसी तर्ज पर राजस्थान पुलिस के अधिकारियों की यह कांफ्रेंस होने जा रही है. जिसमें पुलिसिंग में तकनीक और नवाचार, साइबर सुरक्षा, संगठित अपराध, महिला और कमजोर वर्ग पर अत्याचार पर प्रमुखता से मंथन होगा. राजस्थान पुलिस अकादमी में 8 जनवरी को पुलिस सम्मलेन का आगाज होगा. जबकि 9 जनवरी को समापन होगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे.
डीजी-आईजी कांफ्रेंस की सिफारिश बताएंगे: डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि आईआईएम रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित 60वें राष्ट्र स्तरीय डीजी-आईजी पुलिस सम्मेलन के परिणाम और सिफारिशों के क्रम में राजस्थान के पुलिस अधिकारियों का सम्मलेन दो दिन जयपुर में होगा. जिसमें सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, सभी रेंज आईजी और जयपुर मुख्यालय पर तैनात सभी वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. राष्ट्रीय स्तर की डीजी-आईजी कांफ्रेंस में जिन मुद्दों पर चर्चा हुई है, उन्हें प्रदेश की पुलिसिंग में अपनाने को लेकर दो दिन मंथन होगा.
पढ़ें: पुलिस सम्मेलन 2025: 600 अधिकारियों ने लिया भाग, मामलों की प्रभावी जांच पर जोर
विकसित भारत में पुलिसिंग के योगदान पर होगी चर्चा: उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में विभिन्न सत्रों में महत्वपूर्ण विषयों पर राष्ट्रीय स्तर के जाने-माने विषय विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे. जिनमें साइबर अपराध, क्रिप्टो संबंधी अपराध, पुलिसिंग में एआई जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग जैसे विषयों पर भी मंथन होगा. इसके साथ ही पुलिस व्यवस्था के महत्वपूर्ण विषय और विकसित भारत में पुलिसिंग को लेकर भी चर्चा की जाएगी.

