रांची में अवैध गांजा कारोबार का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
रांची पुलिस नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा के कारोबार का भंडाफोड़ किया है.

Published : January 2, 2026 at 5:28 PM IST
रांचीः राजधानी रांची की पुलिस ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों के कारोबार का भंडाफोड़ किया है. इस अभियान के तहत दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार गांजा तस्करों के पास से एक किलो से ज्यादा गांजा और 2.71 लाख रुपये नकद बरामद किया गया है.
क्या है पूरा मामला
रांची पुलिस के द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम रूगड़ीगड़ा में छापेमारी की गयी. जहां से पुलिस ने करीब 1.052 किलोग्राम गांजा और 2.71 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, हालांकि गिरोह का मुख्य सरगना फरार होने में कामयाब हो गया.
गुप्त सूचना पर बनी छापामारी टीम
गांजा की खरीद बिक्री करने की सूचना मिलने पर सिटी एसपी रांची के नियंत्रण एवं कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने एक जनवरी की देर रात करीब 10:46 बजे मधुकम रूगड़ीगड़ा में जुतून लिंडा के घर पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कई लोग भागने लगे लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो लोगों को मौके से पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नुतून लिंडा उर्फ मिथुन (36 वर्ष) पिता स्वर्गीय लक्ष्मण लिंडा निवासी शास्त्री चौक, मधुकम रूगड़ीगड़ा, और अमन जायसवाल (28 वर्ष) पिता अजय जायसवाल निवासी न्यू मधुकम रोड नंबर-5, सुखदेवनगर के रूप में हुई है.
घर से गांजा और नकदी बरामद
पुलिस ने नुतून लिंडा के घर की तलाशी के दौरान एक कमरे से प्लास्टिक में रखा हुआ 1.052 किलोग्राम गांजा और पलंग के नीचे रखे बॉक्स से 2,71,000 रुपये नगद बरामद किया गया है. पूछताछ में दोनों आरोपी गांजा से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए. उन्होंने बताया कि यह गांजा उनके फरार साथी नन्हकु लिंडा के इशारे पर बाहर से मंगाया जाता था और वे दोनों उसकी पुड़िया बनाकर स्थानीय स्तर पर बेचने का काम करते थे.
फरार की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक नन्हकु लिंडा मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी जारी है. बरामद नकदी के बारे में आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह गांजा बिक्री की कमाई है. जांच में पता चला कि नुतून लिंडा पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है. उस पर सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 528/24 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है. वहीं अमन जायसवाल पर सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 181/24 (भा.दं.वि. की धारा 457/380/411) और कांड संख्या 88/25 (NDPS Act एवं BNS की धारा 111(2)(b)) दर्ज हैं.
इसे भी पढ़ें- गांजे का काउंटर बिजनेस: स्कैन कर पैसे डालिए और ले जाइए मादक पदार्थ, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
इसे भी पढ़ें- मुरी स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 13 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
इसे भी पढ़ें- रांची रेलवे स्टेशन से 14 किलो गांजा बरामद, महिला सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

