रांची में यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा, आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल
रांची में यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा पुलिस ने किया है.

Published : July 4, 2026 at 7:27 PM IST
रांचीः राजधानी रांची में यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का धुर्वा पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है. इस कार्रवाई में कुल तीन लोगों को पकड़ा गया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है.
हटिया स्टेशन से ई-रिक्शा बुक करके रांची रेलवे स्टेशन जा रहे एक यात्री से लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने महज कुछ ही मिनटों के भीतर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को शिकंजे में लिया है. पकड़े गये आरोपियों में दो युवक और एक नाबालिग शामिल है. पुलिस ने लूट में इस्तेमाल ई-रिक्शा, लूटा गया बैग, पांच हजार रुपये नकद और एक प्रिंटर भी बरामद किया है.
बेंगलुरु से रांची पहुंचे यात्री ने हटिया रेलवे स्टेशन से रांची रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक ई-रिक्शा बुक किया. लेकिन रास्ते में चालक और उसके साथियों ने धुर्वा थाना क्षेत्र में यात्री को अपने कब्जे में लेकर उससे लूटपाट की. इस घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और कुछ ही मिनटों के भीतर पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया.
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार सिंह और मेजर यादव के रूप में हुई है, जबकि उनके साथ एक नाबालिग भी शामिल था, जिसे निरुद्ध किया गया. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट में इस्तेमाल ई-रिक्शा, यात्री का बैग, पांच हजार रुपये नकद और एक प्रिंटर बरामद किया है.
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और ये लोग पूर्व में भी यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं. पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है. इन तमाम बातों की जानकारी सिटी एसपी पारस राणा ने दी.
इसे भी पढे़ं- रांची पुलिस लाइन के पास महिला से स्नैचिंग का प्रयास, शिकंजे में आया एक अपराधी
इसे भी पढे़ं- पाकुड़ में चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, पुलिस ने पश्चिम बंगाल में दी थी दबिश
इसे भी पढे़ं- धनबाद पुलिस का डबल स्ट्राइक, लाखों रुपयों का गांजा किया जब्त, छिनतई गैंग का भी भंडाफोड़

