होली में नकली शराब खपाने की थी योजना, रांची में हुआ मिनी शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश
होली में नकली शराब खपाने की योजना को पुलिस ने नाकाम कर दिया है. पुलिस ने एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है.

Published : March 3, 2026 at 2:10 PM IST
रिपोर्टः प्रशांत कुमार
रांची: होली से पहले रांची में उत्पाद विभाग ने बड़ी कारवाई की है, उत्पाद विभाग की टीम ने रांची में नकली शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में नकली और अवैध शराब जब्त किया है. इस कारवाई में तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है.
क्या है पूरा मामला
राजधानी रांची के हिनू इलाके में होली त्योहार से पहले उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के बड़े कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में तैयार अवैध शराब, सैकड़ों खाली बोतलें, ढक्कन, कार्क और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है. इस कार्रवाई में तीन शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है.
ग्राहक बन कर पहुंचे अधिकारी
उत्पाद विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त उमा शंकर सिंह के निर्देश पर रांची में लगातार विशेष अभियान चला रही है, इसी दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि हिनू इलाके में अवैध शराब कारोबारी ऑनलाइन ऑर्डर लेकर नकली शराब की सप्लाई कर रहे है. सूचना कन्फर्म होने पर टीम ने ट्रैप ऑपरेशन चलाया और खुद उत्पाद विभाग के एक सब इंस्पेक्टर खरीदार बनकर शराब का ऑर्डर दिया, जैसे ही आरोपी शराब लेकर पहुंचे, उसे धर दबोचा गया और छापेमारी शुरू की गई. छापेमरी में हिनू के एक घर में दबिश देकर मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया गया. मौके से भारी मात्रा में महुआ आधारित अवैध शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, कार्क और अन्य पैकिंग सामग्री जब्त की गई है.
होली पर नकली शराब खपाने की थी तैयारी
होली के अवसर पर शहर में शराब की मांग बढ़ने को देखते हुए अवैध शराब के कारोबारी बड़े पैमाने पर उत्पादन और वितरण की तैयारी में थे. पूछताछ में पता चला कि यह शराब रांची के विभिन्न इलाकों में सप्लाई की जा रही थी. उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार शर्मा, ने बताया की गुप्त सूचना पर कार्रवाई की गई है, आरोपी ऑनलाइन ऑर्डर लेकर नकली शराब बेचते थे. छापेमारी में रौनक कुमार, पवन कुमार और मुन्ना को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी की बाइक और स्कूटी से घूम-घूमकर शराब की डिलीवरी करते थे. मौके से एक स्कूटी और एक बाइक भी जब्त कर ली गई, जिनका इस्तेमाल ढुलाई में होता था.
ये भी पढ़ें:
होली में शराब पर सख्ती, इस पंचायत में लगाया गया प्रतिबंध, कार्रवाई की भी तैयारी
रांची में अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, निकाय चुनाव से पहले उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

