हत्या या हादसा? मसूरी होमस्टे में सुबह 3.30 बजे के बाद महिला इंजीनियर के साथ क्या हुआ, पीएम रिपोर्ट का इंतजार
मसूरी सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की मौत मामले में पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि सच बाहर आ सके.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 16, 2026 at 5:38 PM IST
मसूरी: देहरादून जिले के मसूरी शहर में 27 साल की नवविवाहिता सॉफ्टवेयर इंजीनियर की रहस्यमयी मौत की गुत्थी अभी उलझी हुई है. पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टरों का पैनल वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम कर रहा है. वहीं मृतक महिला के परिजनों ने इस मामले में पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
पूरा मामला जानिए: मूल रूप से विशाखापट्टनम आंध्र प्रदेश की रहने वाले 27 साल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर पी. राधा गायत्री की शादी करीब सात महीन पहले 8 नवंबर 2025 को सौम्या श्रीचरण के साथ हुई थी. पी. राधा गायत्री हरियाणा के गुरुग्राम में जॉब करती थी, जबकि पति सौम्या श्रीचरण पुणे में करता है.
मसूरी पुलिस की ओर से बताया गया कि दोनों शादी के बाद उत्तराखंड घूमने आए थे. पहले 13 दून को दोनों दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे. इसके बाद 14 जून की रात करीब 11.30 बजे मसूरी पहुंचे, जहां उन्होंने धनौल्टी रोड पर होमस्टे में कमरा लिया था.
14 जून की रात को पी शराब: पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी ने 14 जून की देर रात तक शराब पी थी. महिला के पति ने पुलिस को जो बताया, उसके अनुसार दोनों देर रात करीब साढ़े तीन बजे सोए थे. 15 जून को जब सुबह सौम्या श्रीचरण की आंख खुली तो उसकी पत्नी गायत्री अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी. गायत्री की नाक से खून बह रहा था और शरीर में कोई हलचल नहीं थी.
सौम्या श्रीचरण ने तुरंत मामले की सूचना होमस्टे संचालक को दी. होमस्टे संचालक ने 108 और पुलिस को कॉल किया. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि गायत्री का शव फर्श पर पड़ा था. बिस्तर की चादर पर खून के निशान थे. इसके अलावा कमरे से दो खाली शराब की बोतलें और खाद्य सामग्री भी बरामद की गई. फील्ड यूनिट ने मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करते हुए आवश्यक सबूत एकत्र किए.
किसी भी तरह के आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है. अभी तक मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं. गायत्री के माता-पिता विशाखापट्टनम से देहरादून पहुंच चुके हैं. परिजनों ने बेटी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
- जगदीश पंत, सीओ मसूरी -
वहीं, गायत्री के परिजनों का कहना है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थितियां बनीं कि उनकी बेटी की अचानक मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और यदि किसी प्रकार की लापरवाही या आपराधिक पहलू सामने आता है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए.
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए देहरादून भेजा है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम कराया गया है. अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत के कारणों पर से पर्दा उठ सकेगा. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा.
पढ़ें---
- मसूरी: होमस्टे में महिला की रहस्यमयी मौत, सात महीने पहले हुई थी शादी, बिस्तर पर मिले खून के धब्बे
- सगा भाई निकला 'आस्तीन का सांप'! बड़े भाई को गोली मारकर हाईवे पर प्रदर्शन करने बैठा, 10 घंटे में वकील मर्डर केस का खुलासा
- देहरादून से शिमला तक रिश्तों के कत्ल की दो खौफनाक कहानियां, राजधानियों में खून से दागदार हुए पारिवारिक रिश्ते

