ETV Bharat / state

हरिद्वार पुलिस ने टाली बड़ी हिंसा, छतों पर लगाया था ईंट-पत्थरों का ढेर, ड्रोन ने खोला राज, 9 का चालान

बोडाहेड़ी गांव में दो पक्षों में मामूली बात को लेकर मारपीट हुई, इसके बाद से तनाव के बीच दोनों पक्षों ने ईंट-पत्थर जमा किए थे

Haridwar Bodaheri village fight
उपद्रव की आशंका में हिरासत में लिए गए 9 लोग (Photo courtesy- Haridwar Police)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : July 1, 2026 at 2:08 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: जिले के पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेड़ी गांव में दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर मारपीट हो गई. पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज किए. इसके बाद भी तनाव का माहौल बना रहा और दोनों पक्षों ने घरों की छतों पर ईंट पत्थरों के ढेर जमा कर लिए. इतनी भारी मात्रा में ईंट पत्थर देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए.

बोडाहोड़ी गांव में पुलिस की सक्रियता से बड़ा टकराव टला: पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत ड्रोन कैमरे की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव की छतों पर रखे ईंट पत्थरों का खुलासा किया. पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर उनका चालान किया. छतों पर रखे ईंट पत्थर तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं. हालांकि दोनों पक्ष एक ही समुदाय से जुड़े हैं, लेकिन फिर भी पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया और बड़ी घटना को घटित होने से पहले ही रोक दिया.

मामूली विवाद में हिंसक झड़प होने का डर था: पुलिस के अनुसार बोडाहेड़ी गांव में कुछ दिन पहले दो पक्षों के बीच नाली और पानी निकासी को लेकर विवाद हो गया था. मंगलवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि बड़ी संख्या में दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव तक हुआ. घटना के बाद पुलिस गांव में पहुंची और दोनों पक्षों को फटकार लगाकर शांत कराया. इतना ही नहीं दोनों पक्षों की ओर से पथरी थाने में मुकदमे दर्ज कराए गए थे.

ड्रोन ने खोल दी उपद्रव करने वालों की पोल: तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार गांव की निगरानी कर रही थी. खुफिया विभाग और मुखबिर तंत्र से सूचना मिली कि गांव में दोनों पक्षों के बीच फिर से बड़ा झगड़ा हो सकता है. इसी क्रम में पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ ड्रोन कैमरा लेकर गांव पहुंचे. ड्रोन से पूरे इलाके और मकानों की छतों की निगरानी की गई. इस दौरान कई घरों की छतों पर बड़ी मात्रा में ईंट और पत्थर रखे मिले. पुलिस ने इसे भविष्य में किसी भी विवाद के दौरान इस्तेमाल किए जाने की आशंका मानते हुए संबंधित लोगों को तत्काल इन्हें हटाने के निर्देश दिए.

Haridwar Bodaheri village fight
तलाशी लेती पुलिस (Photo courtesy- Haridwar Police)

गुलजार और असगर पक्ष के बीच चल रहा विवाद: जांच में सामने आया कि बोडाहेड़ी गांव में नाली और पानी निकासी को लेकर एक पक्ष गुलजार का है और दूसरा पक्ष असगर है. दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा होने और घर की छतों पर ईंट पत्थर जमा करने की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची थी. पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों नहीं माने. इसके बाद उन्हें थाने लाया गया, जहां दोनों पक्षों के नौ लोगों का शांति भंग की धाराओं में चालान किया गया. भविष्य में लड़ाई झगड़ा करने पर कड़ी कार्रवाई करने की सख्त हिदायत भी दी गई.

Haridwar Bodaheri village fight
ईंटों का ढेर (Photo courtesy- Haridwar Police)

पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लिया: पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह बताया कि-

ड्रोन सर्विलांस के दौरान छतों पर ईंट पत्थर पाए जाने और पूर्व में हुए विवाद को देखते हुए दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की गई. सभी का चालान कर दिया गया है. साथ ही दोनों पक्षों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा झगड़ा, मारपीट या पथराव जैसी घटना हुई, तो उनके खिलाफ और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
-रविंद्र सिंह, प्रभारी, पथरी थाना-

ऑपरेशन प्रहार के तहत संवेदनशील गांवों और विवादित क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित विवाद या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को समय रहते रोका जा सके.

Haridwar Bodaheri village fight
छतों पर जमा ईंट-पत्थर (Photo courtesy- Haridwar Police)

आरोपियों के नाम और पते

पहले पक्ष से

  1. गुलजार पुत्र अकबर उम्र-40 वर्ष
  2. ⁠मुजम्मिल पुत्र अकबर उम्र-20 वर्ष निवासी बोडाहेड़ी थाना पथरी

दूसरे पक्ष से

  1. असगर पुत्र कासिम -उम्र- 40 वर्ष
  2. ⁠सुभान पुत्र नूरा -26 वर्ष
  3. ⁠अफसान पुत्र इलियास -21 वर्ष
  4. ⁠रहीश पुत्र कासिम उम्र-35 वर्ष
  5. ⁠फरमान पुत्र यामीन -उम्र- 42 वर्ष
  6. ⁠नदीम पुत्र कामिल - 21 वर्ष
  7. ⁠अकबर पुत्र कासिम - उम्र- 53 वर्ष. समस्त निवासी ग्राम बोडाहेड़ी थाना पथरी, हरिद्वार

लोगों से शांति की अपील: बोडाहेड़ी गांव में की गई इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है. पुलिस ने साफ किया कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें: हरिद्वार: बोडाहेड़ी गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, जमकर चले ईंट पत्थर, दो आरोपी गिरफ्तार