बोकारो में जयराम महतो के खिलाफ पुलिस मेंस एसोसिएशन ने खोला मोर्चा, विधायक के बयान पर जताई नाराजगी
बोकारो में पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो की भाषा और रवैये पर सवाल है.

Published : August 30, 2026 at 8:24 PM IST
बोकारोः विधायक एवं पुलिस के बीच टकराव का मामला शांत होता नजर नहीं आ रहा है. बोकारो में डुमरी विधायक जयराम महतो के एक कथित बयान को लेकर पुलिस महकमे में नाराजगी बढ़ती जा रही है. सेक्टर-4 स्थित पुलिस क्लब में झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन ने प्रेस वार्ता कर विधायक के बयान पर आपत्ति जताई. एसोसिएशन ने कहा कि जनप्रतिनिधि से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं की जाती. संगठन ने जयराम महतो से अपने बयान को लेकर माफी मांगने की मांग की है.
गाली-गलौज करना उचित नहींः पुलिस मेंस एसोसिएशन
बोकारो के सेक्टर-4 पुलिस क्लब में झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ नाराजगी जाहिर की. एसोसिएशन का आरोप है कि विधायक की ओर से पुलिस पदाधिकारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की भाषा का इस्तेमाल किया गया, जो उचित नहीं है.
आपत्तिजनक भाषा को उचित नहीं ठहराया जा सकताः एसोसिएशन
एसोसिएशन ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को कानून-व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के साथ मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए. संगठन ने जयराम महतो से अपने बयान पर खेद जताने और माफी मांगने की मांग की. पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो की ओर से संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत निजता के अधिकार का हवाला दिए जाने पर भी सवाल उठाया. एसोसिएशन का कहना है कि किसी बातचीत को केवल निजी बातचीत बताकर उसमें इस्तेमाल की गई कथित आपत्तिजनक भाषा को उचित नहीं ठहराया जा सकता.
एसोसिएशन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि इस तरह की भाषा और बयान से कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के बीच गलत संदेश जा सकता है. कुछ सदस्यों ने विधायक के कथित व्यवहार पर कड़ी टिप्पणी करते हुए उनके मानसिक संतुलन और व्यवहार पर भी सवाल उठाए. हालांकि, ये टिप्पणियां और आरोप एसोसिएशन के सदस्यों की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
जयराम महतो की ओर से प्रतिक्रिया आना बाकी
पुलिस मेन्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी जनप्रतिनिधि का विरोध करना नहीं, बल्कि पुलिस पदाधिकारियों के सम्मान और मर्यादा को बनाए रखना है. संगठन ने जयराम महतो से मामले में माफी मांगने की मांग की है. अब देखना होगा कि पुलिस एसोसिएशन के इन आरोपों और मांगों पर डुमरी विधायक जयराम महतो की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती हैं.
ये भी पढ़ेंः
विधायक जयराम महतो की टिप्पणी से पलामू पुलिस एसोसिएशन नाराज, राज्य कमेटी के साथ आंदोलन का ऐलान

