हरिद्वार लूटकांड का खुलासा, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
हरिद्वार लूटकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हालांकि अभी भी दो आरोपी फरार है, जिनकी पुलिस तलाश में जुटी हुई है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 5, 2026 at 8:07 PM IST
हरिद्वार: उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में 30 दिसंबर 2025 को हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान श्रवण गिरि निवासी देवबंद और प्रणव सैनी निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है. आरोपियों के पास से पुलिस को चार लाख 6 हजार रुपए की रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, तमंचा व जिंदा कारतूस भी मिला है. दोनों आरोपियों के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.
हरिद्वार पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अय्याश किस्म के है. इसीलिए अपना शौक पूरा करने के लिए दोनों आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देते हैं. इस वारदात में शामिल दो आरोपी अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं. दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
जानिए क्या था पूरा मामला: सेल्समैन कृष्णा राणा बीती 30 दिसंबर को जगजीतपुर स्थित देशी शराब के ठेके से रुपए लेकर ऑटो से रुड़की के लिए निकला था. तभी पतंजली रिसर्च सेंटर के पास दो अज्ञात बदमाशों ने ऑटो रुकवाकर सेल्समैन कृष्णा राणा का नोटों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे.

पुलिस ने पीड़ित से बात की तो पता चला कि अज्ञात आरोपी द्वारा तमंचे का इस्तेमाल किया गया था, जिस कारण पीड़ित घबरा गया था. एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने इस मामले को गंभीरता से लिया और बहादराबाद थाना प्रभारी को टीम का गठन कर जल्द से जल्द मामले की खुलासे के निर्देश दिए. जांच की जिम्मेदारी एएसपी ज्वालापुर जितेन्द्र चौधरी के सुपुर्द की गई.
एक्टिव मुखबिर तंत्र का मिला फायदा: मामले की जांच के लिए गठित की गई टीम ने ग्राउंड जीरो पर रहकर जानकारी जुटाई और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के बारे में पता लगाया. अब तक जुटाए गए सबूतों के आधार और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों व्यक्तियों को अवैध तमंचे व घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल के साथ दबोचा. जब दोनों संदिग्धों के साथ सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने सेल्समैन से लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया. पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को थाना सिड़कुल क्षेत्र से चोरी किया गया था.
पेशेवर हैं पकड़े गए दोनों बदमाश: पुलिस की पकड़ में आए दोनों शातिर बदमाश काफी समय से जुर्म की दुनिया से जुड़े हुए हैं. कई बार जेल भी जा चुके चुके हैं. आरोपी श्रवण गिरि के खिलाफ यूपी व उत्तराखंड में करीब एक दर्जन मुकदमें दर्ज है, जिनमें से कोतवाली डोईवाला में लिखे गए दो मुकदमों में वह वांछित चल रहा था.
पकड़ में आए दूसरे आरोपी प्रणव के खिलाफ जनपद हरिद्वार व देहरादून में तीन मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि दो और साथी भी आए प्रकाश में है, जिनका तलाश की जा रही है. बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि फरार चल रहे दोनों आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा.
पढ़ें---

