ETV Bharat / state

ब्रांडेड बैग में रख कर हो रही थी गांजा की तस्करी, दो तस्कर गिरफ्तार

पलामू में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लगभग 4 किलो गांजा के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया है.

TWO SMUGGLERS ARRESTED IN PALAMU
पुलिस द्वारा बरामद किया गया गांजा (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 5, 2026 at 8:50 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पलामू: जिले में ब्रांडेड बैग में रख कर गांजा की तस्करी की जा रही थी. जिस बैग में गांजा को रखा गया था वह दोनों बैग इंटरनेशनल ब्रांड का था. पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. मौके पर तस्करों के पास से 3.98 किलो गांजा भी बरामद किया है. पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे कॉलोनी के इलाके में अवैध रूप से गांजा की खरीद बिक्री होने वाली है.

इसी सूचना के आलोक में पुलिस ने मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी के इलाके में छापेमारी की. पुलिस की छापेमारी के दौरान गांजा तस्कर भागने लगे थे. मौके से पुलिस जवानों ने गांजा तस्करों को दौड़ा कर पकड़ा. पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में पलामू के पिपराटांड़ थाना अंतर्गत नौडीहा गांव के ऋषिकेश पांडेय और कृष्ण कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है.

गांजा को बिहार और यूपी में खपाने का था प्लान

गिरफ्तार आरोपियों के पास से ब्रांडेड बैग से गांजा बरामद हुआ है. पूछताछ के क्रम में दोनों ने पुलिस को बताया है कि चतरा के इलाके से गांजा को खरीदा गया था. खरीदे गए गांजे की खेप को बिहार और उत्तर प्रदेश के इलाके में पहुंचाने वाला था. पूछताछ के दौरान पुलिस को काफी जानकारी मिली है. जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर छापेमारी कर रही है.

मामले को लेकर पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. जिनके पास से 3.98 किलो गांजा बरामद हुआ है. पुलिस पूरे मामले में आगे की छानबीन और कार्रवाई कर रही है. छापेमारी में डीएसपी राजीव रंजन, टीओपी 1 के प्रभारी इंद्रदेव पासवान, टाइगर मोबाइल के जवान राकेश कुमार सिंह, रोहित कुमार, अनिल पासवान प्रफुल्ल कुमार समेत कई जवान शामिल थे.