हल्द्वानी डकैती कांड में दो लोग गिरफ्तार, जुए का कर्ज उतारने के लिए की थी लूट, 10 में 8 आरोपी अभी भी फरार
नैनीताल पुलिस को बड़ी कायमाबी मिली है. बीती 19 अगस्त हुई हल्द्वानी में हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 21, 2026 at 8:45 PM IST
हल्द्वानी: नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी में पुलिस ने डकैती कांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने 19 अगस्त रात को हल्द्वानी के गोरापड़ाव इलाके में एक निजी कार्यालय में हथियारों के बल पर लाखों की डकैती को अंजाम दिया था, जिसका आज शुक्रवार 21 अगस्त को पुलिस ने खुलासा कर दिया.
दरअसल, नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए डकैती की साजिश रची थी. आरोपियों के कब्जे से नकदी, पिस्टल-तमंचे और 8 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं.
19 अगस्त की रात को डाली थी डकैती: पुलिस के अनुसार 19 अगस्त की रात हल्द्वानी के गोरापड़ाव में हथियार बंद बदमाशों ने एक ऑफिस और गैराज में धावा बोलकर लाखों की डकैती को अंजाम दिया था, जिसके बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ था. शिकायत के मुताबिक करीब 10 नकाबपोश बदमाश हथियारों के बल पर लगभग 8 लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन, सोने की तीन चेन और अंगूठी समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे.
50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम को लगाया गया था: मामले में हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की. एसपी क्राइम, एसपी हल्द्वानी, एएसपी, सीओ, थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड को जांच में लगाया गया.

दो संदिग्धों को हिरासत में लिया: पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों को चिह्नित किया गया, जिसके बाद टीम द्वारा जांच के दौरान संदिग्ध वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
यश बनाया था डकैती का प्लान: पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि दोनों की मुलाकात किच्छा निवासी यश सिडाना से हुई थी. यश जुए में लाखों रुपए हार चुका था और आर्थिक तंगी से परेशान था. इसी के बाद गोरापड़ाव में जुआ खेले जाने की जानकारी के आधार पर डकैती की योजना बनाई गई.
डकैती के बाद मोबाइल फोन फेंक दिए थे: पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले रेकी की और फिर नकाब पहनकर हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया. लूट के बाद रकम बांट ली गई और मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए गए. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाई गई हैं और संगठित अपराध के प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जा रही है.
एक आरोपी पर पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज: आरोपी रघुवीर सिंह के खिलाफ पूर्व में भी पांच मुकदमे दर्ज है. एसएसपी डॉक्टर मंजू नाथ टीसी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन किया गया था. जांच के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम दबिश दे रही है. जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पढ़ें---

