नामकुम में चोरी के तीन मामलों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में जेवरात बरामद
राजधानी रांची के नामकुम में चोरी के तीन मामलों में जेवर के साथ गिरफ्तार दो आरोपी समेत पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है.

Published : February 14, 2026 at 8:15 PM IST
रांची: राजधानी के नामकुम थाना क्षेत्र में हुई गृहभेदन और चोरी की तीन बड़ी घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है. वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने तकनीकी सहायता और आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी किए गए जेवरात और अन्य सामान भी बरामद कर लिए गए हैं.
बंद घरों की रेकी कर करते थे चोरी
पुलिस के अनुसार, नामकुम थाना कांड संख्या 288/25, 20/26 और 31/26 से जुड़े इन मामलों में एक संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने आई है. यह गिरोह मोहल्लों में घूम-घूमकर बंद घरों की रेकी करता था और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था. खास बात यह है कि गिरोह के सदस्य दिन के समय भी घरों को निशाना बनाते थे.
चोरी के आभूषण गला कर नए जेवर करते थे तैयार
उद्भेदन के क्रम में पुलिस ने 19 वर्षीय फिरदोस अली और 37 वर्षीय दिलीप सोनी को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि चोरी किए गए जेवरात को दिलीप सोनी द्वारा कांटाटोली स्थित उसकी ज्वेलरी दुकान में सस्ते दामों पर खरीदा जाता था. जिसके बाद सोने को गलाकर नए आभूषण तैयार किए जाते थे. दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वे पहले भी ज्वेलरी चोरी व उसे खपाने के मामलों में जेल जा चुके हैं.
पुलिस ने आरोपियों के पास से गलाया हुआ सोना, अंगूठियां, मंगलसूत्र का लॉकेट, नथिया, बालियां, टॉप्स, चांदी जैसे आभूषण, एक रजिस्टर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. बरामद जेवरात का कुल वजन काफी बताया जा रहा है.
छापेमारी दल का नेतृत्व वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1) ने किया. जिसमें नामकुम थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. रांची पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के नेटवर्क पर बड़ी चोट लगी है और आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

