मंदिर घुमाने के बहाने लाया और पिता के साथ मिलकर किया प्रेमिका का मर्डर, उन्नाव से जुड़े तार
श्री नैना देवी में हुए मर्डर को पुलिस ने सुलझा लिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.


By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 7:28 PM IST
बिलासपुर: श्री नैना देवी में हुई महिला की हत्या के मामले को बिलासपुर पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों में पिता-पुत्र और उनका एक दोस्त इस हत्याकांड में शामिल है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले का मुख्य आरोपी मृतक युवती का प्रेमी था और यूपी के उन्नाव का रहने वाला है. आरोपी प्रेमिका को नयनादेवी मंदिर में दर्शन करवाने के बहाने हिमाचल लाया था. यहां आरोपी ने पिता और दोस्त की मदद से प्रेमिका की हत्या की और फिर शव को जंगल में फेंक कर फरार हो गए. पुलिस के लिए ये मामला ब्लाइंडर मर्डर केस की तरह था, क्योंकि पुलिस के पास युवती की कोई पहचान नहीं थी और न ही आरोपियों के बारे में कोई जानकारी. लाश मिलने के बाद पुलिस ने कड़ियों को आपस में जोड़ा और आरोपी तक पहुंच गई.
सीसीटीवी में नजर आए थे आरोपी
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि 'एसडीपीओ श्री नैना देवी विक्रांत के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. इसके बाद उन्होंने बारीकी से केस की जांंच की है. तकनीकी साक्ष्यों और कंट्रोल रूम से सीसीटीवी फुटेज को चेक किया गया इसके आधार पर आरोपियों की लीड मिली. मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान संभव हो सकी, क्योंकि वारदात से पहले आरोपी माता श्री नैना देवी के दरबार में दर्शन करते हुए कैमरों में कैद हो गए थे.'
यूपी और गुजरात से हुए गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 'दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के उन्नाव और कानपुर से जबकि तीसरे आरोपी को सूरत से गिरफ्तार किया गया है. तीनों आरोपियों को पकड़कर थाना कोट लाया गया है, जहां से उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा. पुलिस आरोपियों को रिमांड में लेकर पूछताछ करेंगी. गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पिता-पुत्र और उनका मित्र हैं. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी.'
संदिग्ध हालत में मिला था शव
बता दें कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई थी. 17 दिसंबर को एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. शव डडोह पैदल मार्ग पर सुलभ शौचालय से कुछ दूरी नीचे पड़ा हुआ मिला. मृत महिला के हाथ और पांव रस्सी से बंधे हुए थे, जबकि गले में दुपट्टा बंधा हुआ था.
ये भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव मामला, अब 6 जनवरी को सुनवाई करेगा हाईकोर्ट

