ETV Bharat / state

ऋषिकेश नाबालिग गैंगरेप केस, पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म, रुड़की के तीन युवक अरेस्ट

ऋषिकेश में नाबालिग से गैंगरेप मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. घटना दो महीने पहले की है.

RISHIKESH GANG RAPE
नाबालिग से गैंगरेप मामले में पुलिस ने तीन आरोपी गिरफ्तार (PHOTO- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : September 2, 2026 at 3:21 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

ऋषिकेश: आईडीपीएल क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आए सबूतों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद यह कार्रवाई की गई.

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट के हवाले से बताया कि,

7 जुलाई 2026 को पीड़िता के भाई ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी. तहरीर में बताया गया कि उसकी 16 वर्षीय बहन एक जुलाई को अपनी परिचित युवती के साथ आईडीपीएल क्षेत्र में गई थी, जहां कुछ युवकों ने दोनों को शराब पिलाई. आरोपियों ने नाबालिग के नशे की स्थिति का फायदा उठाकर पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. बाद में पीड़िता को रात में घर छोड़ दिया गया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की गई. देहरादून एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने जांच के दौरान सामने आए तथ्यों, सबूतों और पीड़िता के बयानों के आधार पर रुड़की निवासी तीन युवकों को जांच के दायरे में लिया.

ऋषिकेश पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को तीनों को पूछताछ के लिए ऋषिकेश कोतवाली बुलाया गया. जहां पूछताछ में सामने आया कि 30 जून और 1 जुलाई की रात आरोपियों ने नाबालिग और उसकी परिचित युवती को आईडीपीएल स्थित एक गोदाम में बुलाया था, जहां उन्हें शराब पिलाई गई और नशे का फायदा उठाकर यौन शोषण किया.

जांच में सामने आया कि दो युवक दुष्कर्म में और तीसरे युवक की भूमिका नाबालिग को अपने साथ लाने और कथित षड्यंत्र में शामिल होने के रूप में सामने आने की बात आई है. पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार किया.

पुलिस ने मुकदमे में धारा 137(2), 70(2), 75(2), 61(2) बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6/7/8 की बढ़ोतरी की. पुलिस ने बताया कि, आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के सामने पेश किया जा रहा है.

बता दें कि हाल ही 29 अगस्त को ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन के पास मौजूद होटल में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी. 30 अगस्त को मामले में मुकदमा दर्ज किया गया. जिसके बाद 1 सितंबर को मुख्य आरोपी समेत होटल संचालक और मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया.

ये भी पढ़ें: