रेहड़ी वाले को धर्म पूछकर धमकाने का मामला, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने चालान करके दी सख्त चेतावनी
हरिद्वार के कनखल इलाके की घटना, आरोपी ने रेहड़ी वाले को इलाके में न आने की धमकी दी थी

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 26, 2026 at 3:12 PM IST
हरिद्वार: शहर के कनखल क्षेत्र में रेहड़ी वाले को धमका कर वीडियो वायरल करने वाले शख्स को पुलिस ने धर दबोचा है. बुधवार को कनखल क्षेत्र का एक वीडियो वायरल हुआ था. इसमें चंचल भारद्वाज नाम का एक व्यक्ति खुद को हिंदूवादी कार्यकर्ता बताते हुए एक रेहड़ी वाले से उसका धर्म पूछ रहा था. कनखल को धर्म विशेष के लोगों के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र होने की बात कहते हुए इस क्षेत्र में ना आने की धमकी दे रहा था.
समुदाय विशेष के रेहड़ी वाले को धमकाने का मामला: इसके बाद हिंदूवादी कार्यकर्ता ने खुद ही वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. इसके बाद रेहड़ी वाले के पक्ष में कई लोगों ने कनखल पुलिस को शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की. उधर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और देर रात चंचल को गिरफ्तार कर हवालात में बंद किया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए उसे कोर्ट में पेश कर दिया है. साथ ही पुलिस ने माहौल खराब करने वाले लोगों को सख्त चेतावनी भी दी है.
पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया: सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के मुताबिक-
25 फरवरी को थाना कनखल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किया गया है. वीडियो में एक विशेष समुदाय के संबंध में अनुचित टिप्पणी की गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया. क्षेत्र में सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो अपलोड करने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया गया. आरोपी चंचल भारद्वाज निवासी आचार्यान मोहल्ला चौपड़ को गिरफ्तार किया गया.
-शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ सिटी-
समझौते का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया: सीओ सिटी ने बताया कि सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के बीच समझौते का वीडियो भी अपलोड किया गया.
आरोपी को सख्त हिदायत दी गई: सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया और आरोपी की खोजबीन कर उसे गिरफ्तार किया गया. आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया है. साथ ही उसे सख्त हिदायत दी गई है कि यदि फिर से ऐसी हरकत करता हुआ पाया गया तो, कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
ये भी पढ़ें:

