लहसुन की खेत में लहलहा रहा थी अफीम, आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस में मामला दर्ज
झालावाड़ पुलिस ने खेत में उगे अफीम के करीब 16 किलो 705 ग्राम पौधे जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया.

Published : February 19, 2026 at 10:44 AM IST
झालावाड़ : जिला पुलिस का नशे के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन जारी है. डग थाना पुलिस ने लहसुन की फसल की आड़ में बोई गई अफीम की फसल को उखाड़ जब्त कर लिया. पुलिस ने किसान के खेत में उगे अफीम के करीब 16 किलो 705 ग्राम पौधे अपने कब्जे में कर खेत मालिक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में अफीम की खेती करने वालों पर पैनी नजर बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं. इसी के तहत डग थाना पुलिस को माल 132 केवी के सामने एक खेत में लहसुन की आड़ में अफीम की खेती करने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां लहसुन के खेत में अफीम की फसल में डोडे व फूल आए हुए थे. कई डोडों में चीरा भी लगा हुआ था.
पढ़ें: बीकानेर : सौंफ के बीच अफीम की खेती, पुलिस ने छापा मारा तो सच आया सामने
एसपी ने बताया कि जब खेत मालिक बद्रीलाल से नारकोटिक्स विभाग द्वारा जारी किए गए लाइसेंस धारी पट्टे की जानकारी ली गई, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया. बाद में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर खेत में उगे अफीम के करीब 16 किलो 705 ग्राम पौधों को जब्त कर बद्रीलाल को गिरफ्तार कर लिया. केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग की ओर से अफीम की खेती करने वाले काश्तकारों को 10 आरी का पट्टा जारी किया जाता है. समय-समय पर नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी अफीम की फसल बोते समय भूमि की पैमाइश करते है. वहीं अधिकारियों के द्वारा फसल का निरीक्षण किया जाता है.

