बैंक में जमा कराए थे जाली नोट; दो साल बाद पुलिस की पकड़ में आया 20 हजार का इनामी
शाखा प्रबंधक की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा, तब से तलाश कर रही थी पुलिस

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 11:48 AM IST
|Updated : January 4, 2026 at 11:54 AM IST
झांसी: पुलिस ने जाली नोट मामले में बीस हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. अभियुक्त दो साल से फरार चल रहा था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक, बीस हजार के इनामी अभियुक्त राजनाथ यादव ने वर्ष 2024 में नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित यश बैंक में 2500 रुपये जमा किए थे. बाद में नोटों की जांच की गई तो वह जाली पाए गए. इसके बाद मार्च 2024 में ही शाखा प्रबंधक ने मुकदमा दर्ज कराया था. मामले में पुलिस ने राजनाथ यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और उसकी तलाश कर रही थी. दो साल बाद नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि जाली नोट के मामले में फरार चल रहा अभियुक्त किसान बाजार के पास स्थित तिगैला के पास खड़ा है. वह भागने की फिराक में है. सूचना पर गई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. आरोपी ने पूछताछ के दौरान जाली नोट जमा करने की बात स्वीकार की है.
थाना प्रभारी रवि ने बताया कि आरोपी की पहचान राजनाथ यादव पुत्र आशाराम यादव निवासी ग्राम बैनवा थाना गोसाईगंज जनपद अयोध्या के रूप में हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जाली नोट उसके पास कहां से आए. क्या इसमें और भी लोग शामिल हैं?
यह भी पढ़ें: बुंदेलखंड के समाजसेवी से 15.75 लाख की ठगी, 15 महीने में रकम तीन गुनी करने का दिया झांसा
यह भी पढ़ें: झांसी की कोर्ट में पूर्व सपा विधायक ने क्यों किया सरेंडर? जानिए पूरा मामला

