तैयार अफीम निकलवाने की जुगत में तस्कर, शिकंजे में आया अपने ही खेत में अफीम उगाने वाला शख्स!
रांची में पुलिस ने अवैध अफीम के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है.

Published : June 28, 2026 at 4:07 PM IST
रांचीः राजधानी रांची में अफीम तस्कर तैयार अफीम को राज्य से बाहर निकालने की जुगत में लगे हुए हैं. पुलिस की सतर्कता की वजह से अफीम तस्कर पकड़े जा रहे हैं. ताजा मामला रांची के नामकुम थाना क्षेत्र का है, यहां से पुलिस ने 5 किलो तैयार अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है.
क्या है पूरा मामला
रांची के हेड क्वार्टर डीएसपी-1 अमर पांडेय ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना मिली कि नामकुम क्षेत्र में एक व्यक्ति बाइक से तैमारा की ओर से अवैध अफीम लेकर रामपुर की तरफ बेचने के लिए आने वाला है. इस सूचना के सत्यापन के लिए एक टीम का गठन किया गया.
जिसमें थाना प्रभारी, नामकुम एवं थाना के पुलिस पदाधिकारी और सषस्त्र बलों को शामिल करते हुए किया गया. छापामारी दल के द्वारा रांची-टाटा रोड़ पर नामकुम तथा दशमफॉल थाना की सीमा के पास स्थित राईसा नदी के पास तैमारा के तरफ से आने वाले वाहनों की जांच की. इस दौरान एक ब्लू रंग की मोटरसाइकिल (JH 01 CG-8272) पर सवार एक व्यक्ति को आते हुए देखा गया. जिसे रूकने का इशारा करने पर तेजी से मोटरसाइकिल घुमाकर वापस तैमारा की ओर भागने का प्रयास करने लगा. इसके बाद उस व्यक्ति की घेराबंदी कर पुलिस बल के सहयोग से मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया गया.
अपने ही खेत में उगाया था अफीम
पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सनिका मुंडा (करीब 40 वर्ष, पिता- स्व० बुजगु मुण्डा स्थायी पता-हुसिरहातु, उरांगडीह टोला, थाना- दशमफॉल, रांची) बताया. उस व्यक्ति की विधिवत तलाशी लेने पर उसकी बाइक पर टंगे झोले में रखे अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुआ.
बरामद अफीम के स्त्रोत के संबंध में पूछने पर बताया कि उस अफीम को उसके द्वारा अपने खेत में अवैध तरीके से की गई अफीम खेती से चिरा लगाकर निकाला गया. पूर्व में भी कई बार अन्य ग्राहकों इसके द्वारा बेचा गया है और ये अफीम बेचने रामपुर में एक व्यक्ति के पास तयशुदा रकम में बेचने जा रहे थे.
इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में नामकुम थाना कांड संख्या-169/26 दिनांक-27.06.26 धारा-17(b)/18/22(c)/25/29 NDPS Act.1985 दर्ज कर, अनुसंधान किया जा रहा है. घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों को चिन्हित कर छापामारी किया जा रही है.
इसे भी पढे़ं- रांची में 12 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, दूसरे राज्य में थी खपाने की तैयारी
इसे भी पढे़ं- नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाईः 1.550 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
इसे भी पढे़ं- खूंटी में अफीम तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 12 लाख की अफीम के साथ 4 गिरफ्तार

