कुजू गोलीकांड का बड़ा खुलासा: यूपी के दो शूटर समेत राहुल दुबे गैंग के छह अपराधी गिरफ्तार
कुजू गोलीकांड मामले में रामगढ़ पुलिस ने यूपी के दो शूटर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Published : January 14, 2026 at 7:41 PM IST
रामगढ़: कुजू गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. ये गैंग जौनपुर उत्तर प्रदेश के शुक्ला गिरोह के शूटर के साथ झारखंड में दहशत फैलाने का काम करता था. जिनका आपराधिक इतिहास कई राज्यों में दर्ज है. पुलिस ने मौके से दो पिस्टल, एक कट्टा, 42 जिंदा कारतूस, आठ मोबाइल और घटना में इस्तेमाल बाइक जब्त किया है.
6 जनवरी को हुई थी फाइरिंग
6 जनवरी को कुजू ओपी क्षेत्र में बालू व्यवसायी डब्बू सिंह उर्फ सागर सिंह के घर में गोलीबारी हुई थी. यह गोलीबारी रंगदारी नहीं देने की वजह से कराई गई थी. इस पूरे मामले के पीछे कुख्यात राहुल दुबे गिरोह का नाम सामने आया था, जो लंबे समय से क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है. घटना के बाद रामगढ़ एसपी अजय कुमार के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था. एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की.
यूपी के दो शूटर थे शामिल
एसपी ने बताया कि इस गोलीकांड में सत्यम शुक्ला उर्फ आशीष शुक्ला के साथ यूपी के दो बड़े शुटर जयेश पाल और सन्नी सिंह उर्फ आशुतोष सिंह शामिल थे. एसपी ने बताया कि दोनों शूटर पर यूपी के अलग-अलग जिलों में मामले दर्ज हैं. इससे पहले रांची के एक बड़े व्यवसायी की हत्या की भी सुपारी दी थी. एसपी ने साफ कहा कि रंगदारी और संगठित अपराध करने वालों के लिए रामगढ़ की धरती सुरक्षित नहीं है.
गिरोह के फरार सरगना की तलाश जारी
गिरफ्तार सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. वहीं गिरोह के फरार सरगना की तलाश जारी है. रामगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है. छापेमारी टीम में एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद मांडू, सर्किल इंस्पेक्टर रजत कुमार, कुजू थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, वेस्ट बोकारो प्रभारी दीपक कुमार, सब इंस्पेक्टर ओंकार पाल सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे.
गिरफ्तार आरोपियों में कुजू थान क्षेत्र के नकुल कुमार चौहान, राज कुमार करमाली, मुकेश करमाली और रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र के रंजीत साव शामिल हैं. इन आरोपियों में राज कुमार करमाली और रंजीत साव पर मांडू, रांची समेत की थानों में मामला दर्ज है. वहीं यूपी के जौनपुर जिले के जयेशपाल और सन्नी सिंह भी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: पाकुड़ में ट्रेन डिरेल का मामला: रेल पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पलामू पुलिस के शिकंजे में चोरों का इंटरस्टेट गैंग, मां-बेटे समेत पांच गिरफ्तार
प्यार के बीच आड़े आ रही थी बीवी, पति ने कत्ल के लिए दे दी 40 हजार की सुपारी!

