धनबाद में पुलिस का बड़ा एक्शन, सात अपराधी गिरफ्तार
धनबाद में पुलिस ने सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. नरेंद्र निषाद की रिपोर्ट.

Published : August 23, 2026 at 8:49 PM IST
धनबादः अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. धनसार थाना क्षेत्र में देर रात गश्त के दौरान पुलिस ने दो बाइक पर सवार छह युवकों को संदिग्ध हालत में पकड़ा. पुलिस को देखते ही सभी ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया. तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से देसी कट्टा और दूसरे के पास से जिंदा कारतूस बरामद हुआ. जांच में एक बाइक के चोरी की होने की बात भी सामने आई. वहीं, पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई में कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं.
संदेह होने पर पुलिस ने उनका पीछा कर पकड़ा
रविवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि कार्रवाई धनसार थाना क्षेत्र के कलासंगम-मनईटांड़ इलाके में हुई. 22 अगस्त की देर रात करीब साढ़े तीन बजे पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी, इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर दो बाइक पर सवार छह युवकों पर पड़ी. पुलिस वाहन को देखते ही सभी युवक बाइक लेकर भागने लगे. संदेह होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया. गांधी नगर शिव मंदिर के समीप सिटी हॉक की मदद से इलाके की घेराबंदी की गई, जिसके बाद सभी छह युवकों को पकड़ लिया गया. पुलिस ने जब संदिग्धों की तलाशी ली तो उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए. आरोपी आजाद आलम के पास से एक देसी कट्टा मिला, जबकि मुकेश कुमार के पास से 3.15 एमएम की जिंदा गोली बरामद की गई.
चोरी की नीयत से आरोपी इलाके में घूम रहे थेः पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को बरामद दोनों बाइकों में से एक के चोरी की होने की जानकारी मिली. पुलिस के अनुसार, उक्त बाइक मटकुरिया इलाके से चोरी की गई थी. प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर चोरी की नीयत से इलाके में घूम रहे थे. पूछताछ के दौरान आजाद आलम ने पुलिस को बताया कि उसे हथियार जग्गू पासवान ने उपलब्ध कराया था. इसके बाद पुलिस ने आजाद की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए जग्गू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया.
देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने इस पूरे मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से दो बाइक, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी मिली है.
पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी
धनसार पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक मामलों और अन्य घटनाओं में उनकी संभावित भूमिका को खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. देर रात हुई इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है.
ये भी पढ़ेंः
हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो संदिग्ध घायल, एक आरोपी फरार
रांची में 35 लाख के जेवरात चोरी मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
देवघर सावन मेले के कारण बोकारो में बढ़ी चोरियां, तीन मामलों का खुलासा, छह गिरफ्तार

