ETV Bharat / state

धारचूला घूमने आए युवक-युवती बने स्नेचर, महिला के गले से सोने की माला छीनकर भागे, पुलिस ने दबोचा

धारचूला घूमने आए युवक और युवती ने छीनी महिला के गले से सोने की माला, पुलिस ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

Pithoragarh Chain Snatching
कॉन्सेप्ट इमेज (ETV Bharat GFX)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 25, 2026 at 10:14 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पिथौरागढ़: सीमांत जिला पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी क्षेत्र में बाइक सवार एक युवक-युवती सुनसान स्थान पर एक महिला के गले से सोने की दो मालाएं झपटकर फरार हो गए. महिला की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को 24 घंटे के भीतर गोरी नदी पुल के पास पकड़ लिया. झपटमारी को अंजाम देने का आरोपी युवक दिल्ली में एमबीबीएस का छात्र है. जबकि, युवती हल्द्वानी से रेडियोलॉजिस्ट का कोर्स कर रही है.

महिला से पहले बातचीत की, फिर सोने की मालाएं छीनकर हुए फरार: दरअसल, जौलजीबी क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर बताया था कि वो खेत की ओर जा रही थी. इसी दौरान बाइक सवार एक युवक और युवती ने बातचीत के बहाने मोबाइल फोन लिया और सुनसान स्थान पर उसके गले से सोने के आभूषण (दो मालाएं) झपट कर फरार हो गए. झपटमारी की सूचना मिलते ही जौलजीबी पुलिस हरकत में आई.

गोरी पुल क्षेत्र के पास दबोचे गए युवक-युवती: पिथौरागढ़ एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे के निर्देश पर सीओ केएस रावत ने थानाध्यक्ष मेघा शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की. टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लूट को अंजाम देने के बाद भागे बाइक सवारों की संभावित मार्गों पर चेकिंग की. इसके बाद मुखबिर की सूचना पर गोरी पुल क्षेत्र के पास संदिग्ध लाल बाइक को रोककर पूछताछ की गई.

झपटमारी करने वाले युवक-युवती को भेजा गया जेल: जब मौके पर महिला को बुलाया गया तो पीड़िता ने दोनों को पहचान लिया. इस पर पुलिस ने बाइक सवार युवक-युवती को हिरासत में लिया. उनके कब्जे से लूटे गए गहने बरामद किए गए. लूट की घटना को अंजाम देने के आरोपियों ने अपना नाम सन्नी सिंह (उम्र 25 वर्ष) निवासी दिल्ली और युवती (उम्र 23 वर्ष) निवासी नैनीताल बताया. दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

"आरोपी युवक सन्नी सिंह दिल्ली में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है और तीसरे वर्ष का छात्र है. जबकि, युवती हल्द्वानी से रेडियोलॉजिस्ट का कोर्स कर रही है. दोनों धारचूला घूमने आए थे और उन्होंने रास्ते में महिला से झपटमारी कर दी."- केएस रावत, धारचूला सीओ

ये भी पढ़ें-