रांची पुलिस को मिली बड़ी सफलता, इंटरस्टेट ब्राउन शुगर तस्कर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार
रांची पुलिस ने इंटरस्टेट ब्राउन शुगर तस्कर गिरोह के चार सदस्यों को गांजा और ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है.

Published : January 7, 2026 at 7:35 PM IST
रांची: राजधानी के नामकुम थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने छापेमारी कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी युवक ब्राउन शुगर और गांजा की अवैध खरीद-बिक्री किया करते थे.
क्या है पूरा मामला
रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी-1 अमर पांडेय ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बेलबगान स्थित राम हरि गार्डन के पास कुछ व्यक्ति कार में बैठकर मादक पदार्थों की अवैध बिक्री कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन करते हुए रांची ग्रामीण एसपी के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम रांची के नेतृत्व में नामकुम थाना पुलिस और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम बनाई गई.
छापेमारी टीम ने घटनास्थल पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की. पुलिस को देख सभी आरोपी भागने लगे. लेकिन मौके से पुलिस ने चार युवकों को पीछा करते हुए पकड़ लिया. जबकि एक अन्य व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा. गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो लग्जरी कार, चार मोबाइल फोन, ब्राउन शुगर, गांजा और बैंक से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
मादक पदार्थो का बना रखा था कोड वर्ड
गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह के सदस्य हैं. यह गिरोह बिहार के सासाराम और झारखंड के गढ़वा जिले से ब्राउन शुगर मंगवा कर रांची में पुड़िया बनाकर प्रति पुड़िया 500 रुपए में बेचता था. गिरोह के भीतर बातचीत में ब्राउन शुगर की मात्रा को 'ढेला' जैसे कोड वर्ड से संबोधित किया जाता था. आरोपी अपने लेनदेन के लिए ऑनलाइन माध्यमों से भुगतान लेते थे. गिरफ्तार युवकों ने स्वीकार किया कि फरार सरगना ही उन्हें ये प्रतिबंधित पदार्थ उपलब्ध कराता था और वही पूरे गिरोह का संचालन कर रहा है. पुलिस फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी कर रही है.
गिरफ्तार तस्करों में ये हैं शामिल
गिरफ्तार आरोपियों मेंं रामगढ़ जिला अंतर्गत रांची रोड स्थित इंद्रा कॉलोनी के 22 वर्षीय अमनदीप कुमार, लातेहार जिला अंतर्गत नेतरहाट स्थित दुर्गा मंदिर बरटोली के 22 वर्षीय अभिषेक कुमार, खूंटी जिला अंतर्गत टंगराटोली के 20 वर्षीय हेमंत गुड़िया. सभी वर्तमान में रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाके में रहते थे. जबकि चौथा आरोपी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के डंगरा टोली का 19 वर्षीय अयुष अनुज कुजूर शामिल है.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने ब्राउन शुगर के 17 पुड़िया, जिसका वजन 10.73 ग्राम, गांजा 24 पुड़िया जिसका वजन 103.36 ग्राम, 3 आईफोन समेत चार मोबाइल और दो कार बरामद किया है. इसके इलावा पुलिस ने विभिन्न बैंक के एटीएम कार्ड और चेक बुक भी बरामद किया है.
ये भी पढ़ें: नशे के विरुद्ध चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
पलामू से लाखों का ब्राउन शुगर बरामद, गढ़वा का तस्कर गिरफ्तार
रांची में 85.71 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार, कुख्यात अम्बर फिर चढ़ा पुलिस के हत्थे

