SNMMCH से नवजात की चोरी का मामलाः आरोपी महिला समेत 4 गिरफ्तार, 3 लाख में हुई थी डील
धनबाद के SNMMCH से नवजात की चोरी करने के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Published : December 29, 2025 at 8:28 PM IST
धनबाद: जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) से नवजात चोरी मामले में आरोपी महिला समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पैसे की लालच में इस घटना को अंजाम दिया गया था. पुलिस ने मामले में अस्पताल कर्मी इश्तियाक अंसारी, हसीमुद्दीन अंसारी, पैसे देने वाले कौशल कुमार सिंह और अभिलाषा सिंह को गिरफ्तार किया है.
इस संबंध में सोमवार को सरायढेला थाना में धनबाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने एक प्रेसवार्ता की. इस दौरान उन्होंने बताया कि घटना की लिखित शिकायत मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के उद्भेदन को लेकर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में छापेमारी की गई. पुलिस द्वारा छापेमारी के दौरान चोरी किए गए नवजात बच्चे को बरामद कर लिया गया है.
पैसे की लालच में किया था ये कृत्य
पुलिस द्वारा अनुसंधान के क्रम में यह बात सामने आई कि भूली ओपी क्षेत्र की रहने वाली अभिलाषा सिंह की मामी राजकुमारी देवी निसंतान है. उसे एक बच्चा (लड़का) दिलाने के लिए अभिलाषा सिंह ने बीते 18 दिसंबर को एसएनएमएमसीएच धनबाद जाकर वहां की नर्सों एवं अस्पताल कर्मियों से संपर्क किया. इसी क्रम में उसकी मुलाकात इश्तियाक अंसारी और हसीमुद्दीन अंसारी से हुई. इन दोनों के द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि आपका काम हो जायेगा. लेकिन इसके एवज में कुछ पैसे खर्च करने होंगे.
3 लाख में हुई थी डील
अस्पताल कर्मचारी से 3 लाख रुपए में डील फाइनल होने के बाद अभिलाषा के पति कौशल सिंह ने उन्हें 80 हजार रुपए फोन पे किया. इसके साथ ही 70 हजार रुपए का चेक भी हसीमुद्दीन को दिया. अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी करने में प्रयुक्त कार, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का 70 हजार रुपए का चेक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
बता दें कि धनबाद के SNMMCH के महिला एवं प्रसूति विभाग में भर्ती मनियाडीह थाना क्षेत्र के भेलवे गांव की सरिता देवी के नवजात बच्चे को बीते 27 दिसंबर की रात चोरों ने चुरा लिया था. पुलिस ने नवजात बच्चे को सकुशल बरामद कर सोमवार को उसके माता-पिता को सौंप दिया है.
ये भी पढ़ें: SNMMCH में नवजात बच्चा चोरी पर भड़का आदिवासी समाज, पारंपरिक हथियारों के साथ किया हंगामा
SNMMCH से चोरी हुआ नवजात बरामद, पुलिस ने महज 12 घंटे में बच्चे को खोज निकाला
SNMMCH में नवजात की चोरी, जांच के बहाने बच्चे को वार्ड से ले जाया गया था बाहर

