रामगढ़ मे अंतर जिला अपराधी गिरोह का पर्दाफाश, कई कांडों का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
रामगढ़ पुलिस ने हथियार के साथ चार अंतर जिला अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

Published : February 18, 2026 at 9:10 PM IST
रामगढ़: पुलिस ने ज्वेलरी दुकानदार से हुई सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा किया है. पुलिस ने अंतर जिला अपराधी गिरोह के सरगना समेत चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. इस कार्रवाई से कई जिलों में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क पर भी पुलिस ने चोट पहुंचाई है. 4 फरवरी 2026 की शाम गोला के ज्वेलरी दुकानदार बिहारी प्रसाद स्वर्णकार से भेड़ा पुल के पास हथियार के बल पर नकद, सोने के आभूषण, मोबाइल और मोटरसाइकिल की चाबी लूट ली गई थी.
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था. जिसके बाद तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई. जांच के क्रम में सबसे पहले दीपक कुमार को रांची से गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर हथियार, गोली, लूटे गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना मो सद्दाम उर्फ छोटू सहित तीन अन्य अपराधियों को हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. मौके से लूटे गए आभूषण, मंगलसूत्र, चेन, बाइक और एक कार बरामद की गई है.
गिरफ्तार सभी अपराधियों के हैं आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना सद्दाम पूर्व में बोकारो, रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में डकैती, लूट, चोरी और हथियारबंद वारदातों में शामिल रहा है. उस पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है. गिरोह के अन्य सदस्यों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है. पुलिस ने सभी गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है.
लूटकांड के खुलासे के दौरान पुलिस टीम ने गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर सामान बरामद किए हैं. जिसमें 1 देसी कट्टा, 8 एमएम की एक गोली, सोने जैसा 8 जोड़ी कान की बाली, सोने जैसी 2 जोड़ी गले की चेन, 4 पीस मंगलसूत्र, 4 मोबाइल, एक कार, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल शामिल है.
ये भी पढ़ें: राहुल सिंह गिरोह के पांच अपराधी गिरफ्तार, रांची में कार शोरूम के बाहर की थी फायरिंग
पाकुड़ में व्यवसायी का रुपये से भरा बैग उड़ाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख 68 हजार रुपये बरामद

