कानपुर शहर में ऑटो गैंग एक्टिव; नेपाली नागरिक को लूटने वाले 4 गिरफ्तार, सरगना की तलाश
डीसीपी सेंट्रल एसके सिंह ने बताया कि ऑटो गैंग ने बस अड्डे पर ही नेपाल निवासी राम बहादुर को टारगेट कर लिया था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 10:16 AM IST
कानपुर: शहर में ऑटो गैंग बनाकर अपराध करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. कुछ दिन पहले भी डीसीपी सेंट्रल टीम ने 5 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. अब 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. डीसीपी द्वारा इन पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी.
डीसीपी सेंट्रल एसके सिंह ने बताया कि नेपाल निवासी रामबहादुर को पहले पीटा गया फिर इनसे 11 हजार 500 रुपए लूट लिए गए. सूचना मिलने पर टीम ने जांच शुरू की.
सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनके नाम राघवेंद्र गुप्ता, युवराज तिवारी, विजय वर्मा और उस्मान अली हैं. सभी आरोपियों पर पहले से मुकदमे दर्ज हैं. इनसे पूछताछ करके जेल भेजा जा रहा है.
नेपाल के नागरिक को लूटा: डीसीपी सेंट्रल एसके सिंह ने बताया ऑटो गैंग के सभी आरोपियों ने बस अड्डे पर ही नेपाल निवासी राम बहादुर को टारगेट कर लिया था. पहले उन्हें ऑटो में बैठाया गया. जैसे ही उन्होंने नेपाल जाने की बात कही तो ऑटो रोककर उन्हें पीछे ले गए.
वहां पर रामबहादुर को मारापीटा गया और पैसे लूट लिए. चारों ने पीड़ित को सुनसान जगह पर छोड़ दिया और भाग निकले. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट की रकम और ऑटो बरामद किया है.
ऑटो गैंग सरगना की तलाश: डीसीपी सेंट्रल एसके सिंह ने बताया कि शहर में कुछ दिनों पहले ऑटो गैंग के आरोपियों ने एक घटना को अंजाम दिया था. दूसरी वारदात 4 जनवरी को हुई. अब वह दोनों ही मामलों में आरोपियों के कनेक्शन तलाशे जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि एक कड़ी मिल रही है कि अधिकतर आरोपी कानपुर और आसपास के ही रहने वाले हैं. ऐसे में जल्द ही इनके सरगना को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके इशारे पर यह गैंग वारदात कर रहा है.

