नशे के विरुद्ध चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
चतरा में नशे के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्कर को गिरफ्तार किया है.

Published : January 5, 2026 at 6:53 PM IST
चतरा: पुलिस ने हजारीबाग समेत अन्य जिलों में सक्रिय ड्रग पैडलरों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है. एसपी सुमित कुमार अग्रवाल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ संदीप सुमन के नेतृत्व में गठित सदर थाना पुलिस की स्पेशल टीम को सफलता हाथ लगी है. संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित ब्राउन शुगर के अवैध खेप के साथ पांच तस्कर को धर दबोचा है. साथ ही गिरफ्तार तस्करों के पास से करीब छह लाख रुपए का 13.19 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर, तस्करी में प्रयुक्त एक कार और पांच मोबाइल जब्त किए गए हैं.
गिरफ्तार सभी तस्कर को भेजा जेल
तस्करों की गिरफ्तारी चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर स्थित सदर थाना क्षेत्र के तुड़ाग जंगल इलाके से हुई है. पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी गिरफ्तार तस्करों को जेल भेज दिया है. प्रेस वार्ता में एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी. जिसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर संदीप सुमन के नेतृत्व में थाना प्रभारी विपिन कुमार, एसआई राहुल सिंह, एसआई टीपू अंसारी और एसआई कुमार गौतम समेत सशस्त्र बल के जवानों की संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था.
अभियान के दौरान ही स्पेशल टीम ने चिन्हित स्थान की घेराबंदी कर छापेमारी अभियान चलाया, जहां से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी ने बताया कि मौके से गिरफ्तार आरोपियों में मयूरहंड थाना क्षेत्र के मंघनीया गांव के रुपेश कुमार दांगी, ढोढ़ी गांव के नीरज कुमार यादव, प्रकाश कुमार दांगी और लक्ष्मण कुमार दांगी और सदर थाना क्षेत्र के लोवागड़ा गांव के राकेश कुमार दांगी शामिल हैं.
गिरफ्तार तस्कर मिडिल मैन का करते थे काम: एसपी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी तस्कर अफीम और ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री करने वाले बड़े माफियाओं से ब्राउन शुगर खरीद कर चतरा जिले के चतरा, गिद्धौर, मयूरहंड व इटखोरी थाना क्षेत्र के अलावे हजारीबाग जिले के अलग-अलग इलाकों में मिडिल मैन बनकर बेचने का काम करते थे. एसपी ने बताया कि मौके से जब्त कार के मालिक की पहचान कर ली गई है. गाड़ी मालिक हजारीबाग जिले का ही रहने वाला है. गिरफ्तार तस्कर और वाहन मालिक एक दूसरे के जीजा-साले हैं
एसपी ने बताया कि ब्राउन शुगर तस्करी में कार मालिक की क्या संलिप्तता है, इसकी पड़ताल की जा रही है. साथ ही इसमें शामिल सफेदपोश माफियाओं और बड़े तस्करों के अलावे मास्टरमाइंड को चिन्हित करने की दिशा में भी पुलिस कार्रवाई कर रही है. एसपी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में तस्करों, माफियाओं के अलावे मास्टरमाइंड को जिले में नशे का अवैध साम्राज्य संचालित नहीं करने दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: चतरा में सोना लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
चतरा पुलिस ने नशे के तस्करों की तोड़ी कमर, पहली बार जब्त हुई अवैध तरीके से कमाई हुई संपत्ति
चतरा में कोडीन कफ सिरप बरामद, तस्करों ने सुनसान घर में रखे थे 42 पेटी

